


@ गांधी के भागलपुर आगमन की शताब्दी वर्ष के तहत सालभर होंगे शिक्षा, पर्यावरण और महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रम
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। महात्मा गांधी के भागलपुर आगमन की शताब्दी वर्ष के अवसर पर विश्व शिक्षक दिवस के मौके पर 5 अक्टूबर 2026 को 101 जरूरतमंद बच्चों को स्कूल बैग, कॉपी, कलम और फलों के पैकेट सप्रेम भेंट किए जाएंगे। कार्यक्रम का आयोजन दानवीर कर्ण की धरती पर स्थित सनातन धर्म रक्षिणी सभा भवन के सभागार में युग चेतना फाउंडेशन, अंग जन गण और दानवीर कर्ण वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से किया जाएगा।

युग चेतना फाउंडेशन के निदेशक शिवनंदन खेतान और अंग जन गण के अध्यक्ष डॉ. सुधीर गांधी ने बताया कि बच्चों को शैक्षणिक सामग्री देने का उद्देश्य उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित करना है। इस अवसर पर उल्लेखनीय कार्य करने वाले कुछ शिक्षकों को सम्मानित भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांधीजी अपने भागलपुर आगमन के दौरान अंगवासियों के बीच शिक्षा की अलख जगाने का लगातार प्रयास करते रहे थे।
सालभर चलेगा शताब्दी वर्ष समारोह:
आयोजकों के अनुसार, इस संबंध में युग चेतना फाउंडेशन के कार्यालय में वरिष्ठ पत्रकार प्रसून लतांत की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि भागलपुर में गांधी के आगमन की शताब्दी वर्ष का समारोह पूरे साल आयोजित किया जाएगा।
हर महीने गांधी के विचारों और आदर्शों पर केंद्रित शिक्षा, पर्यावरण, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, कला सहित जनोपयोगी विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए जल्द ही अंग प्रदेश स्तर पर कार्यक्रम संचालन समिति का गठन किया जाएगा।

मार्च में राष्ट्रीय स्तर का महिला सम्मेलन:
बैठक में मार्च महीने में राष्ट्रीय स्तर का महिला सम्मेलन आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। इसमें अंग प्रदेश की सैकड़ों ग्रामीण एवं शहरी महिलाओं के साथ विभिन्न राज्यों की महिला नेत्रियों को आमंत्रित करने की योजना है। इसके अलावा बच्चों के लिए विशाल बाल मेला आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया है।बैठक में अरुण कुमार यादव, डॉ. संजय जायसवाल, डॉ. पंकज कुमार, अंकित सर्राफ, सरोज यादव, रवि कुमार और प्रमोद सिन्हा सहित अन्य लोग मौजूद थे।
















