


दुर्गा पूजा को लेकर स्टेशन क्लब दुर्गा मंदिर प्रांगण में ग्रीन पूर्णिया ने चलाया विशेष स्वच्छता अभियान
पूर्णिया। आगामी शारदीय दुर्गा पूजा को लेकर सामाजिक संस्था ग्रीन पूर्णिया ने अपने विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत कर दी है। इसी क्रम में रविवार, 13 सितंबर को फारबिसगंज मोड़ स्थित प्रसिद्ध स्टेशन क्लब दुर्गा मंदिर प्रांगण में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में संस्था के स्वयंसेवकों के साथ स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

अभियान के दौरान मंदिर परिसर, प्रवेश द्वार तथा आसपास के क्षेत्रों में फैले कूड़े-कचरे की सफाई की गई। संस्था के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता ही ईश्वर की सच्ची पूजा है। आस्था के केंद्रों और आसपास के पर्यावरण को स्वच्छ रखना केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे समाज में सकारात्मक और पवित्र वातावरण का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान भक्ति के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता देने की जरूरत है।
संस्था के सदस्यों ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटती है। ऐसे में मां दुर्गा के आगमन से पहले पूजा स्थलों को स्वच्छ और सुंदर बनाना जरूरी है। ग्रीन पूर्णिया पिछले कई वर्षों से पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और स्वच्छता को लेकर लोगों के बीच जागरूकता अभियान चला रही है। संस्था का उद्देश्य केवल एक दिन की सफाई करना नहीं, बल्कि लोगों में सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखने की स्थायी आदत विकसित करना है।

स्वच्छता अभियान में रविंद्र साह, अजय कांत झा, श्याम कुमार चौधरी, कुसुम चौधरी, लता झा, भरत सिंह, प्रदीप अग्रवाल, आलोक लोहिया, शंभू पंडित, अशोक मिश्रा, मुकेश मांझी, संजीव मिश्रा, संजय कुमार, पंकज कुमार, नीलू गुप्ता सहित कई लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने आगामी दुर्गा पूजा के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा कचरा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए श्रद्धालुओं को जागरूक करने का संकल्प लिया। ग्रीन पूर्णिया की इस पहल की स्थानीय लोगों और मंदिर समिति ने सराहना की।
















