


‘
@ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। प्रखंड कहलगांव के अंतीचक स्थित जी.एम. विक्रमशिला उच्च विद्यालय परिसर में सोमवार को स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान एवं आईटीसी (ITC) ‘मिशन सुनहरा कल’ के संयुक्त तत्वावधान में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय जनसमुदाय में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा दैनिक जीवन में स्वच्छता को अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों के बीच स्वच्छता विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता सहित विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। पेंटिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों और रेखाओं के माध्यम से स्वच्छता के महत्व, गीले एवं सूखे कचरे के उचित प्रबंधन, खुले में शौच से मुक्ति तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रस्तुत किया। खेलकूद प्रतियोगिताओं में भी छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में स्थानीय मुखिया सहित विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। बचपन से ही स्वच्छता की आदत विकसित होने से इसका सकारात्मक प्रभाव परिवार, विद्यालय और पूरे समाज पर पड़ता है। इस दौरान आईटीसी ‘मिशन सुनहरा कल’ एवं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के संयुक्त प्रयासों की सराहना की गई।
कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तथा स्वच्छता संबंधी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने वाले छात्र-छात्राओं को मुखिया एवं विद्यालय के शिक्षकों द्वारा मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

















