


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने अपने दो दिवसीय भागलपुर प्रवास के दूसरे दिन सोमवार को बाबा बूढ़ानाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने बाबा बूढ़ानाथ का जलाभिषेक कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और संगठन की मजबूती के लिए प्रार्थना की।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवैधानिक पदों पर 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मंदिर परिसर में प्रतीकात्मक रूप से कलश ज्योति प्रज्ज्वलित की गई। पार्टी की ओर से बताया गया कि ज्योति प्रज्ज्वलन प्रतीकात्मक था और इस अवसर पर यात्रा रवाना नहीं की गई। आगामी कार्यक्रम के तहत कलश ज्योति यात्रा बूथ एवं मंडल स्तर से होते हुए भागलपुर जिला मुख्यालय पहुंचेगी, जहां स्वागत एवं सेवा संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

मंदिर दर्शन के बाद प्रदेश अध्यक्ष होटल विद्या रेजीडेंसी में आयोजित वरिष्ठ कार्यकर्ता मिलन-सह-संवाद समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने तथा सामूहिक वंदे मातरम गान से हुई। समारोह में जिले के 200 से अधिक वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। मंच संचालन प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विष्णु शर्मा ने किया।
समारोह को संबोधित करते हुए संजय सरावगी ने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है तो इसमें वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या और बलिदान की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि शुरुआती दौर में सीमित संसाधनों के बावजूद कार्यकर्ताओं ने साइकिल पर पार्टी का झंडा लगाकर और दीवारों पर नारे लिखकर संगठन को गांव-गांव तक पहुंचाया।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने जिस भारत का सपना देखा था, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साकार हो रहा है। उन्होंने धारा 370, राम मंदिर और तीन तलाक सहित विभिन्न मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि भागलपुर में हवाई अड्डा, गंगा पर नया पुल, स्मार्ट सिटी और सिल्क उद्योग के पुनरुद्धार जैसे विकास कार्यों से क्षेत्र को नई पहचान मिल रही है।
संगठन प्रभारी अनंत नारायण मिश्रा ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता ही संगठन हैं और वरिष्ठ कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं। बूथ स्तर तक संगठन की मजबूती में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। जिलाध्यक्ष संतोष कुमार ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को पार्टी की धरोहर बताते हुए कहा कि उनका सम्मान करना भाजपा की परंपरा है। प्रदेश अध्यक्ष के भागलपुर आगमन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। कार्यक्रम में संगठन प्रभारी अनंत नारायण मिश्रा, जिलाध्यक्ष संतोष कुमार, विधायक रोहित पांडेय, प्रदेश महामंत्री राजू झा, प्रीति शेखर, क्षेत्रीय सह-प्रभारी राकेश कुमार, जिला प्रभारी राजेश जैन, नवगछिया जिला भाजपा प्रभारी पवन मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस अवसर पर बंटी यादव, निरंजन साह, मनीष दास, अमरदीप साह, रूबी दास, राजकिशोर गुप्ता, अभय घोष, योगेश पांडेय, नितेश सिंह, राजेश टंडन, अभिमन्यु राम, अश्विनी जोशी, भागलपुर विधानसभा प्रभारी प्राणिक वाजपेयी, प्रकाश साह, रितेश घोष, विनीत भगत, चंदन पोद्दार, मंगलमूर्ति, प्रदीप कुमार, शरद बाजपेयी, मुरारी टिबरेवाल, पृथ्वीराज, अभिनव कुमार, नरेश यादव, कुश गोस्वामी, विकेश्वर दास, खोखा साह, चाहत शुक्ला, बबलू यादव, देव व्रत घोष, पवन गुप्ता, रघुनंदन प्रेमी, मनोज हरि, संजय हरि, रामदेव साह, निरंजन सिन्हा, सुचित घोष, चंदन चंद्राकर, सीमा जायसवाल, सुभाष यादव, भोला मंडल, नंद किशोर पंडित, ओम प्रकाश तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

















