5
(1)



पूर्णिया। जिले के जानकीनगर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा जानकीनगर थाना क्षेत्र स्थित एनएच पर चैनपुरा गांव के पास हुआ। मधेपुरा जिले के भर्राही थाना क्षेत्र अंतर्गत नारायणपट्टी चांदनी चौक वार्ड-5 निवासी सचंद्र राम के पुत्र विक्की कुमार उर्फ मन्नू (21) तथा मुरलीगंज वार्ड-10 निवासी मनोज राम के पुत्र सुधीर कुमार राम (27) बाइक से ससुराल जा रहे थे।



बताया जा रहा है कि सुधीर कुमार राम अपने ससुर दिनेश राम के घर, जानकीनगर के मधुबन जा रहा था। उसके साथ बाइक पर उसके बहनोई का भाई विक्की भी सवार था। इसी दौरान चैनपुरा गांव के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। हादसा इतना भयावह था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और आनन-फानन में दोनों को जीएमसीएच पूर्णिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही जानकीनगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया। फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।



परिजनों के अनुसार, दोनों युवक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। विक्की के पिता सचंद्र राम ने बताया कि हादसे की सूचना फोन पर मिली। अस्पताल पहुंचने पर दोनों की मौत की खबर मिली। उन्होंने कहा कि सुधीर ससुराल जा रहा था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि रास्ते में ही उसकी जान चली जाएगी।

जानकीनगर थानाध्यक्ष परिलक्षित पासवान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रक और बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत हुई है। ट्रक को जब्त कर लिया गया है तथा फरार चालक की तलाश जारी है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: