


शादी का झांसा देकर 20 दिनों तक घर में रखने का आरोप, पुलिस युवक की गिरफ्तारी के लिए कर रही छापेमारी
नवगछिया। दिल्ली निवासी एक नाबालिग लड़की को ट्रेन में बहला-फुसलाकर नवगछिया लाने और शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। मामले में पीड़िता के बयान पर नवगछिया महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक की मां वीणा देवी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपित युवक मनीष कुमार की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने परिवार के साथ दिल्ली में रहती है, जबकि उसका पुश्तैनी घर छपरा में है। माता-पिता से विवाद के बाद वह ट्रेन से अपने पुश्तैनी घर छपरा जा रही थी। इसी दौरान ट्रेन में खरीक थाना क्षेत्र के खरीक निवासी मनीष कुमार से उसकी मुलाकात हुई। बातचीत के दौरान युवक ने कथित तौर पर उसे शादी का झांसा दिया और अपने साथ घर ले आया।
पीड़िता के अनुसार, युवक ने उसे करीब 20 दिनों तक अपने घर में रखा। इस दौरान उसके साथ शारीरिक संबंध भी बनाए। पीड़िता ने बताया कि दोनों घर से भागकर शादी करने की योजना बना रहे थे। इसकी जानकारी मनीष कुमार ने अपनी मां वीणा देवी को दे दी।
आरोप है कि युवक की मां वीणा देवी ने इस रिश्ते का विरोध किया और पीड़िता को दिल्ली ले जाने की बात कही। पीड़िता के अनुसार, दिल्ली ले जाने के दौरान रास्ते में वीणा देवी ने उसका मोबाइल फोन ले लिया और वापस नहीं किया। इसके बाद वह किसी तरह वहां से निकलकर एक बगीचे में पहुंची और वहीं बैठ गई।

बगीचे में अकेली बैठी नाबालिग को देखकर स्थानीय लोगों ने उससे पूछताछ की और मामले की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने 112 नंबर पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और नाबालिग को अपने साथ थाने ले गई।
इसके बाद पीड़िता के बयान के आधार पर नवगछिया महिला थाना में दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपित की मां वीणा देवी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मुख्य आरोपित मनीष कुमार की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
महिला थाना पुलिस ने नाबालिग के परिजनों को मोबाइल फोन के माध्यम से घटना की सूचना दी है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने नाबालिग लड़की को बाल कल्याण समिति, भागलपुर के समक्ष प्रस्तुत कर उसकी देखरेख के लिए सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
















