5
(1)

बनिया-साधोपुर की ओर बढ़ा पानी; ग्रामीण घरों से सामान निकाल बच्चों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे

नवगछिया। रंगरा प्रखंड के मुरली गांव के पास कोसी नदी के तेज दबाव के कारण पुराना रेल बांध कट जाने से इलाके में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। बताया गया कि गुरुवार देर रात करीब 11 बजे बांध का एक हिस्सा अचानक कट गया। जहांगीरपुर बैसी निवासी मो. इश्तेखार के अनुसार बांध करीब 15 मीटर की लंबाई में कटा है। बांध कटने के बाद कोसी नदी का पानी तेजी से बनिया और साधोपुर गांव की ओर बढ़ रहा है।

बांध कटने की सूचना फैलते ही आसपास के गांवों में अफरातफरी मच गई। विशेष रूप से साधोपुर और बनिया गांव के लोग संभावित बाढ़ की आशंका को देखते हुए अपने स्तर से सुरक्षा की तैयारी में जुट गए। कई ग्रामीण घरों से जरूरी सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों की ओर ले जाने लगे, जबकि परिवारों ने बच्चों और बुजुर्गों को भी सुरक्षित जगह पहुंचाना शुरू कर दिया।

साधोपुर के बाद कई गांवों में घुस सकता है पानी

स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि कोसी नदी का पानी साधोपुर गांव में फैलता है तो इसके बाद भवानीपुर और मसुदनपुर बैसी क्षेत्र में भी पानी प्रवेश करने की आशंका है। इससे इन क्षेत्रों में खेतों और रिहायशी इलाकों के प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है।

भवानीपुर पंचायत के मुखिया मुकेश कुमार ने भी बांध टूटने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मुरली गांव के पास पुराना रेल बांध कट गया है, जिसके बाद आसपास के क्षेत्रों में पानी फैलने का खतरा उत्पन्न हो गया है।

तीन पंचायतों की आबादी पर खतरा

बांध टूटने से कोसी नदी का पानी भवानीपुर, मसुदनपुर बैसी और जहांगीरपुर बैसी पंचायत के क्षेत्रों में पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का दावा है कि यदि पानी का बहाव नहीं रोका गया तो तीनों पंचायतों की बड़ी आबादी प्रभावित हो सकती है। ग्रामीणों के अनुसार इन क्षेत्रों में 50 हजार से अधिक लोगों के प्रभावित होने की आशंका है।

बांध कटने के बाद ग्रामीणों में सबसे अधिक चिंता घरों के साथ-साथ खेतों में लगी फसलों को लेकर है। कई परिवार रात में ही अपने जरूरी सामान को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने लगे। ग्रामीणों का कहना है कि पानी का दबाव लगातार बना रहा तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

पुलिस ने की बांध टूटने की पुष्टि

रंगरा थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष विश्वजीत कुमार ने भी बांध टूटने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी वरीय पदाधिकारियों को भेज दी गई है। प्रशासनिक स्तर पर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

बांध टूटने की घटना के बाद ग्रामीण प्रशासन से तत्काल बचाव एवं राहत कार्य शुरू करने की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि पानी के तेजी से फैलने की स्थिति में प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ-साथ नाव, राहत सामग्री और अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था जरूरी होगी।

फिलहाल कोसी नदी के पानी के रुख पर ग्रामीणों और प्रशासन की नजर बनी हुई है। सबसे बड़ा खतरा बनिया और साधोपुर के बाद भवानीपुर एवं मसुदनपुर बैसी क्षेत्र में पानी के फैलाव को लेकर है। यदि समय रहते बांध कटाव वाले हिस्से को नियंत्रित नहीं किया गया तो तीन पंचायतों में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो सकती है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: