


@ हदीसा कौसर और तराना की उपलब्धि, मारिया को मिला प्रशस्ति-पत्र।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। उर्दू निदेशालय, पटना, बिहार सरकार के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय उर्दू वाद-विवाद एवं भाषण प्रतियोगिता में मारवाड़ी कॉलेज के विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया। उर्दू विभाग की द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा हदीसा कौसर और चतुर्थ सेमेस्टर की तराना ने यह उपलब्धि हासिल की। वहीं, प्रतियोगिता में शामिल मारिया को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया।

विद्यार्थियों की सफलता पर उर्दू विभागाध्यक्ष मोहम्मद शाहाबुद्दीन और कॉलेज के प्राचार्य प्रो. संजय कुमार झा ने उन्हें बधाई दी। विभाग में आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में अभिव्यक्ति-कौशल और आत्मविश्वास विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं।
मोहम्मद शाहाबुद्दीन ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा, “आप इसी तरह मेहनत करते रहें, सफलता आपके कदम चूमेगी।” उन्होंने उन्हें भविष्य में भी शैक्षणिक और साहित्यिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
विभागाध्यक्ष ने कहा कि उर्दू विभाग विद्यार्थियों की साहित्यिक और रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी विभाग के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया था। इस वर्ष तीन विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लिया, जिसमें दो ने तृतीय स्थान हासिल किया और एक को प्रशस्ति-पत्र मिला।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने कॉलेज प्रशासन और उर्दू विभाग के प्रति आभार जताया तथा भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए निरंतर मेहनत करने की बात कही।

















