


तीनटंगा करारी गंगा घाट का एसडीओ ने किया निरीक्षण, क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने और बिना जीवन रक्षक जैकेट के परिचालन पर रोक
नवगछिया । विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत को लेकर 30 सितंबर की मध्यरात्रि से पुल पर बेली ब्रिज हटाए जाने के बाद आवागमन पूरी तरह बंद होने वाला है। पुल बंद होने के बाद आम लोगों के लिए जलमार्ग को सुगम और सुरक्षित बनाने को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
इसी क्रम में नवगछिया अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सोनी कुमारी ने बुधवार की शाम तीनटंगा करारी गंगा घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाट पर फेरी सेवा और जहाज परिचालन की व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही यात्रियों की सुरक्षा के लिए उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान सोनी कुमारी ने नौका संचालकों को जलमार्ग पर परिचालन के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी नौका या जहाज पर निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर परिचालन नहीं किया जाएगा। इसके अलावा यात्रियों को बिना जीवन रक्षक जैकेट के नौका पर बैठाकर परिचालन करने की भी अनुमति नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि पुल बंद होने के बाद जलमार्ग से यात्रियों की आवाजाही बढ़ सकती है। ऐसे में नौका संचालकों को यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
घाट पर तैनात होंगे दंडाधिकारी और पुलिस बल
प्रशासन की ओर से गुरुवार से गंगा घाट पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती किए जाने की बात कही गई है। इसका उद्देश्य घाट पर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने, जलमार्ग परिचालन पर निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

निरीक्षण के दौरान घाट की व्यवस्थाओं के साथ-साथ नौका संचालन से जुड़े आवश्यक बिंदुओं की भी जानकारी ली गई। अधिकारियों ने नौका संचालकों को निर्देश दिया कि यात्रियों को सुरक्षित तरीके से नदी पार कराया जाए और किसी भी परिस्थिति में सुरक्षा नियमों की अनदेखी नहीं की जाए।
विक्रमशिला सेतु बंद होने के बाद बढ़ेगा जलमार्ग का महत्व
विक्रमशिला सेतु पर आवागमन बंद होने के बाद भागलपुर और नवगछिया के बीच आवागमन को लेकर जलमार्ग महत्वपूर्ण वैकल्पिक माध्यम बन सकता है। इसे देखते हुए प्रशासन की ओर से संबंधित घाटों पर सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को व्यवस्थित करने पर जोर दिया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान गोपालपुर थाना अध्यक्ष इंस्पेक्टर रविशंकर सिंह, निर्मल कुमार यादव सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
















