


पूर्णिया।पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने बेटियों की शिक्षा और कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार से पूर्णिया में एकलव्य छात्रावास ब्लॉक की स्थापना की मांग की है। उन्होंने यह मुद्दा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष योजना एवं जनजातीय मामलों के मंत्रालय सहित विभिन्न केंद्रीय योजनाओं पर हुई चर्चा के दौरान उठाया।
सांसद ने कहा कि पिछड़े, दलित, एससी, एसटी एवं ईबीसी वर्ग की बड़ी संख्या में बेटियाँ आर्थिक और सामाजिक कारणों से दसवीं या ग्यारहवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो जाती हैं।

यदि सीमांचल क्षेत्र, विशेषकर पूर्णिया में एकलव्य छात्रावास की स्थापना होती है, तो छात्राओं को सुरक्षित आवास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण की सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि सीमांचल और कोसी क्षेत्र जैसे पिछड़े इलाकों में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की विशेष आवश्यकता है। एकलव्य छात्रावास ब्लॉक बनने से गरीब परिवारों की बेटियों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा और सामाजिक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

सांसद पप्पू यादव ने आदिवासी एवं वंचित क्षेत्रों में खेल स्टेडियम, छात्रावास और कौशल विकास केंद्र स्थापित करने की भी आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि शिक्षा, खेल और हुनर से जुड़कर बेटियाँ न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज के विकास में अहम भूमिका निभा सकती हैं।
उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि जनजातीय ग्राम उत्कर्ष योजना के तहत पूर्णिया एवं सीमांचल क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए एकलव्य छात्रावास, कौशल विकास योजनाओं तथा खेल अवसंरचना को शीघ्र स्वीकृति दी जाए, ताकि विकास का लाभ समाज के अंतिम पायदान तक पहुंच सके।














