


कटिहार आगमन का दिया निमंत्रण, विकास परियोजनाओं पर हुई चर्चा
कटिहार । बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से एक अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को कटिहार आने का न्योता दिया तथा जिले में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं, औद्योगिक विकास, पर्यटन संभावनाओं और आधारभूत संरचना को मजबूत करने से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
मुलाकात के दौरान पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कटिहार जिले में चल रही विकास योजनाओं का अवलोकन करने के लिए मुख्यमंत्री से शीघ्र कटिहार आगमन का आग्रह किया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जल्द कटिहार आने का आश्वासन देते हुए कहा कि कटिहार के विकास के लिए सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
बैठक में तारकिशोर प्रसाद ने ग्राम कचहरी में कार्यरत कर्मियों तथा स्थानीय नगर निकायों के जनप्रतिनिधियों के मानदेय एवं नियत भत्तों में सम्मानजनक वृद्धि करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले जनप्रतिनिधियों और कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए उनके भत्तों में बढ़ोतरी आवश्यक है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कटिहार सदर प्रखंड परिसर में निर्माणाधीन प्रखंड कार्यालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री से परिसर में प्रखंड एवं स्वास्थ्य कर्मियों के लिए आवासीय भवन निर्माण कराने की मांग की।
उन्होंने बताया कि पहले से बने आवासीय भवन काफी जर्जर हो चुके हैं और रहने योग्य नहीं रह गए हैं। इसके कारण प्रखंड स्तर के अधिकारियों एवं कर्मियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने सभी मांगों और विकास संबंधी प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।














