5
(2)

प्रदीप विद्रोही
कहलगांव (भागलपुर)। बदलते औद्योगिक परिवेश में लागू होने जा रही नई श्रम संहिताओं (New Labour Codes) को लेकर एनटीपीसी कहलगांव में सोमवार को जागरूकता एवं संवाद सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल कानूनों की जानकारी देना नहीं, बल्कि उनसे जुड़े व्यावहारिक सवालों और भ्रमों का समाधान कर उद्योग जगत में नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन का मार्ग प्रशस्त करना था।
कार्यक्रम में उप श्रमायुक्त सचिन कुमार, सहायक श्रमायुक्त पी. जे. तिर्की (पाकुड़) और सहायक श्रमायुक्त प्रखर सिंह (पटना) ने विशेषज्ञ वक्ता के रूप में नई श्रम संहिताओं के विभिन्न प्रावधानों, उनके व्यावहारिक प्रभाव और अनुपालन की प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर दो अलग-अलग संवाद सत्र आयोजित किए गए। पहले सत्र में विभिन्न संविदाकारों ने भाग लेकर श्रम संहिताओं से जुड़े अपने सवाल रखे, जबकि दूसरे सत्र में एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ विस्तृत चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का सरल और स्पष्ट भाषा में समाधान किया, जिससे नई श्रम संहिताओं को लेकर व्याप्त कई भ्रांतियां दूर हुईं।
कार्यक्रम में परियोजना प्रमुख रविन्द्र शर्मा तथा महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) मनोरंजन परिडा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में परियोजना प्रमुख रविन्द्र शर्मा ने कहा कि तेजी से बदल रहे औद्योगिक माहौल में नए श्रम कानूनों की सही जानकारी प्रत्येक नियोक्ता, अधिकारी और संविदाकार के लिए अनिवार्य हो गई है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अपील की कि वे इस ज्ञान को व्यवहार में उतारकर सुरक्षित, अनुशासित और नियमसम्मत कार्य संस्कृति को मजबूत करें।
कार्यक्रम के समापन पर परियोजना प्रमुख रविन्द्र शर्मा एवं महाप्रबंधक मनोरंजन परिडा ने उप श्रमायुक्त सचिन कुमार, सहायक श्रमायुक्त पी. जे. तिर्की तथा सहायक श्रमायुक्त प्रखर सिंह का मार्गदर्शन और उपयोगी जानकारी के लिए आभार व्यक्त किया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: