


नवगछिया : भागलपुर जिला ताइक्वांडो संघ की ओर से आगामी 36वीं राज्य ताइक्वांडो प्रतियोगिता-2026 के लिए खिलाड़ियों का चयन हाइस्कूल मैदान, नवगछिया में किया गया। चयन प्रक्रिया में विभिन्न खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।

चयन कार्यक्रम के दौरान जिला महासचिव सह राष्ट्रीय रेफरी घनश्याम प्रसाद, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जेम्स, ताइक्वांडो कोच अमित कुमार, मो. नाजिम, मनीष्याम कुमार, संजय सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे। चयनित खिलाड़ी बिहार ताइक्वांडो संघ के तत्वावधान में मोतिहारी में आयोजित होने वाली 36वीं राज्य ताइक्वांडो प्रतियोगिता-2026 में भाग लेकर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
संघ के मीडिया प्रभारी विकास चौरसिया ने बताया कि राज्य ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन 7 से 9 अगस्त तक मोतिहारी में किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए चयनित खिलाड़ियों में देवा श्री, आराध्या सिंह, राजवीर सिंह, कुमार अभिनव, अभिषेक कुमार भगत, आदित्य कुमार, यीशु कुमार तथा रवि रंजन शामिल हैं।
टीम के प्रभारी कंचन सिंह होंगे, जबकि राहुल आनंद एवं अमित कुमार कोच के रूप में खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे। मुख्य चयनकर्ता घनश्याम प्रसाद ने बताया कि बिहार ताइक्वांडो संघ के नियमों के अनुसार केवल ग्रीन बेल्ट अथवा उससे ऊपर के स्तर के खिलाड़ी ही राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के पात्र होते हैं। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि टीम से उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद है।
















