


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। श्रावणी मेला 2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला प्रशासन पूरी तरह फील्ड में नजर आया। जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से कहलगांव के प्रमुख स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कहलगांव बटेश्वर स्थान गंगा घाट, तीन पहाड़ गंगा किनारा तथा घोघा-एकचारी भैना पुल का भ्रमण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मेले से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता, पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की तैनाती तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, भीड़ नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था करने, यातायात को सुचारु बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल एवं संसाधन उपलब्ध रखने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पदाधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और जहां आवश्यकता महसूस हुई, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासन ने दोहराया कि श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
निरीक्षण में पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी कहलगांव, विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
















