5
(1)

59 सड़क-नाला योजनाओं में 50 का काम पूरा, स्ट्रॉम ड्रेनेज की चार योजनाएं प्रगति पर; शेष 16 वार्डों के करीब 49 हजार घरों तक पहुंचेगा शुद्ध पेयजल

पूर्णिया : नगर विकास एवं आवास विभाग के तहत पूर्णिया शहर में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति को लेकर विधायक विजय खेमका ने मंगलवार को बुडको के परियोजना पदाधिकारी एवं सहायक अभियंता के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में शहर की सड़क और नाला निर्माण योजनाओं, स्ट्रॉम ड्रेनेज वाटर सिस्टम तथा अमृत योजना के तहत शुद्ध पेयजल आपूर्ति की स्थिति पर बिंदुवार चर्चा की गई। विधायक ने अधिकारियों से योजनाओं की वर्तमान स्थिति, निर्माण की गति और कार्य में आ रही बाधाओं की जानकारी ली तथा लंबित कार्यों को निर्धारित गति से पूरा करने का निर्देश दिया।

बैठक में बुडको के अधिकारियों ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में पूर्णिया नगर निगम क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत कुल 59 सड़क-नाला निर्माण योजनाओं की अनुशंसा की गई थी। इनमें से 50 योजनाओं का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। पूर्ण योजनाओं की गुणवत्ता एवं कार्य की स्थिति की स्थलीय जांच भी पूर्णिया जिला पदाधिकारी द्वारा गठित टीम के माध्यम से कराए जाने की जानकारी विधायक को दी गई।

विधायक ने शेष सड़क-नाला योजनाओं के निर्माण में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शहर के विकास से जुड़ी योजनाओं का लाभ आम लोगों को समय पर मिलना चाहिए। निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

स्ट्रॉम ड्रेनेज की चार योजनाएं निर्माणाधीन

बैठक में स्ट्रॉम ड्रेनेज वाटर सिस्टम की भी विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के तहत कुल पांच नाला निर्माण योजनाएं स्वीकृत हैं। इनमें से चार नालों का निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगति पर है।

अधिकारियों के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान कई स्थानों पर बिजली के पोल एवं तार, पेड़ तथा अन्य स्थानीय बाधाओं के कारण काम की गति अपेक्षा के अनुरूप प्रभावित हो रही है। इस पर विधायक विजय खेमका ने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर बाधाओं को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया।

विधायक ने जिला पदाधिकारी, वन विभाग और बिजली विभाग के संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि ड्रेनेज निर्माण का कार्य बाधित न हो और शेष कार्य भी जल्द पूरा किया जा सके।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित एजेंसी और अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने पर विशेष ध्यान देना होगा।

49 हजार घरों तक पहुंचेगा शुद्ध पेयजल

समीक्षा बैठक में अमृत योजना के तहत पूर्णिया नगर निगम क्षेत्र में शुद्ध पेयजल आपूर्ति की स्थिति पर भी चर्चा हुई। विधायक ने नगर निगम के शेष 16 वार्डों में करीब 49 हजार घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने की प्रस्तावित योजना की प्रगति की जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों को अमृत नल-जल योजना के तहत जलमीनारों के निर्माण और पाइपलाइन के माध्यम से जलापूर्ति व्यवस्था को शीघ्र आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। विधायक ने कहा कि शुद्ध पेयजल प्रत्येक परिवार की मूलभूत आवश्यकता है और योजना के कार्यान्वयन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

पुरानी सात पानी टंकियों से 35 हजार घरों को मिल रही आपूर्ति

विधायक ने शहर में वर्तमान में संचालित पुरानी सात पानी टंकियों से हो रही जलापूर्ति की स्थिति की भी समीक्षा की। अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार इन जलमीनारों के माध्यम से करीब 35 हजार घरों में पानी की आपूर्ति की जा रही है।

विधायक ने जलापूर्ति से संबंधित आम लोगों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए प्रत्येक जलमीनार से जुड़े उपभोक्ताओं का व्हाट्सऐप ग्रुप बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय उपभोक्ताओं को जलापूर्ति से जुड़ी समस्या, मरम्मत और आपूर्ति बाधित होने की जानकारी समय पर मिल सकेगी और शिकायतों का भी शीघ्र निस्तारण किया जा सकेगा।

इसके साथ ही विधायक ने टोल-फ्री शिकायत व्यवस्था को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया, ताकि जलापूर्ति में किसी तरह की समस्या आने पर आम लोग आसानी से अपनी शिकायत दर्ज करा सकें और उसका समाधान समयबद्ध तरीके से हो।

अलग-अलग विभागों के अधिकारियों के साथ होगी समीक्षा

विधायक विजय खेमका ने बताया कि पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के ईस्ट ब्लॉक तथा नगर निगम क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं को लेकर शीघ्र ही अलग-अलग समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, कार्यपालक अभियंता सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारियों के साथ योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।

उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर सड़क, जलनिकासी और शुद्ध पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए विभागीय अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाकर योजनाओं की प्रगति की निगरानी की जाएगी, ताकि लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कर जनता को उसका लाभ दिलाया जा सके।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: