


@ सांसद अजय मंडल ने आपदा प्रबंधन मंत्री के सामने उठाए प्रभावित परिवारों के मुद्दे।
भागलपुर। बाढ़ के पानी के बीच राहत की उम्मीद लगाए बैठे परिवारों तक मदद पहुंचाने में किसी तरह की देरी न हो, इसे लेकर भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल ने प्रशासन से विशेष सतर्कता बरतने की मांग की है। मंगलवार को भागलपुर परिसदन के सभागार में आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सिंह की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में सांसद ने बाढ़ प्रभावित इलाकों की स्थिति और पीड़ित परिवारों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

सांसद ने कहा कि मौजूदा परिस्थिति में प्रशासन की पहली प्राथमिकता हर प्रभावित परिवार तक तत्काल राहत पहुंचाना होनी चाहिए। खासकर वे इलाके जहां पहुंचना मुश्किल है, वहां राहत टीमों की सक्रियता बढ़ाने की जरूरत है, ताकि कोई परिवार मदद के इंतजार में न रह जाए।
बैठक में सांसद ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविरों के बेहतर संचालन के साथ पर्याप्त पॉलीथिन शीट, नाव, चलंत शौचालय, सूखा राशन और पशु चारा उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
उन्होंने प्रभावित लोगों के लिए सामुदायिक रसोई और स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से संचालित करने तथा जरूरत के मुताबिक राहत सामग्री बढ़ाने की मांग की। सांसद ने कहा कि राहत सामग्री केवल कागजों पर उपलब्ध होने से काम नहीं चलेगा, बल्कि वह सही समय पर वास्तविक जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचनी चाहिए।
सांसद अजय मंडल ने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ के कारण जिन क्षेत्रों में आवागमन मुश्किल हो गया है, वहां प्रशासनिक और राहत टीमों की विशेष निगरानी हो। प्रभावित परिवारों की जरूरत का लगातार आकलन कर उसी के अनुरूप तत्काल कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। राहत और बचाव कार्य केवल प्रशासनिक प्रक्रिया न रहकर मानवीय संवेदना के साथ संचालित किए जाने चाहिए।

















