5
(2)

भागलपुर के तिलकामांझी थाना पुलिस ने चोरी की घटनाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तांबे का तार चोरी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से करीब 8 किलोग्राम जला हुआ तांबे का तार बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी विभिन्न घरों और दुकानों से बिजली के तार चोरी कर उन्हें एकत्र करते थे और बाद में तार जलाकर उसमें से तांबा निकालकर कबाड़ी दुकानों में बेचते थे।

पुलिस के मुताबिक, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध शराब, हथियार, मादक पदार्थों की बरामदगी तथा चोरी-छिनतई के हॉटस्पॉट वाले इलाकों में लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में 5 सितंबर 2026 को तिलकामांझी पुलिस को सूचना मिली कि हवाई अड्डा परिसर के जंगल क्षेत्र में कुछ लोग चोरी के तार जला रहे हैं।

सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-01 एवं तिलकामांझी थानाध्यक्ष के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंची तो कुछ लोग तांबे का तार जला रहे थे। पुलिस को देखते ही आरोपित भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर मोनू कुमार और नीरज कुमार को पकड़ लिया। उनके पास से करीब 8 किलो जला हुआ तांबे का तार बरामद हुआ। मौके से दो अन्य आरोपी फरार हो गए थे।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर आशीष कुमार और अखिलेश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया। पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी अलग-अलग घरों और दुकानों से बिजली के तार चोरी करते थे। पर्याप्त मात्रा में तार जमा होने के बाद उसे जलाकर तांबा अलग किया जाता था और फिर कबाड़ी दुकानों में बेचकर प्राप्त राशि आपस में बांट ली जाती थी।

स्कूल चोरी मामले का भी पुलिस ने किया खुलासा

तिलकामांझी थाना पुलिस ने एक विद्यालय में हुई चोरी की घटना का भी खुलासा करते हुए एक आरोपी को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त 2026 की रात संजय कुमार पासवान, पिता महादेव पासवान, निवासी ज्वारीपुर, थाना तिलकामांझी, ने विद्यालय में चोरी को लेकर लिखित आवेदन दिया था। आवेदन के आधार पर तिलकामांझी थाना कांड संख्या 206/2026, दिनांक 27 अगस्त 2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी के सामान की बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए रंजन कुमार, पिता विद्यानंद मंडल, निवासी सचिदानंद नगर, हवाई अड्डा, थाना तिलकामांझी, भागलपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से चोरी की गई एक एम्प्लीफायर मशीन, एक इन्वर्टर और एक बड़ी बैट्री बरामद की है। कार्रवाई के दौरान एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार रंजन कुमार का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। साथ ही चोरी की घटना में शामिल अन्य लोगों और शेष सामान की बरामदगी को लेकर जांच जारी है।

सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: