


महापौर विभा कुमारी ने की पूजा-अर्चना, श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया भंडारे का प्रसाद
पूर्णिया : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के छठे दिन बुधवार को पूर्णिया शहर के विभिन्न मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण की छठी धूमधाम और भक्तिमय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, संध्या आरती, भजन-कीर्तन और भंडारे का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की।

इसी क्रम में आस्था मंदिर और बेलौरी चौक स्थित श्री राधा-कृष्ण ठाकुरबाड़ी में आयोजित श्रीकृष्ण छठी समारोह में पूर्णिया की महापौर विभा कुमारी शामिल हुईं। उन्होंने विधि-विधान से भगवान श्री राधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना और आरती की। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच भंडारे का प्रसाद भी वितरित किया।
इस अवसर पर महापौर विभा कुमारी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन प्रेम, करुणा, धर्म और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। जन्माष्टमी के बाद श्रीकृष्ण की छठी का आयोजन हमारी समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा है। ऐसे आयोजन समाज में प्रेम, भाईचारा और सद्भाव को मजबूत करते हैं।

उन्होंने कहा कि पूर्णिया की धरती धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से हमेशा सामाजिक एकता का संदेश देती रही है। ऐसे आयोजनों में सभी समुदायों की सहभागिता आपसी सौहार्द और सामाजिक एकता को और मजबूत करती है। महापौर ने भगवान श्रीकृष्ण से नगरवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर भजन-कीर्तन और आरती से भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण का प्रसाद ग्रहण किया।
आस्था मंदिर में अध्यक्ष श्रीप्रसाद महतो, वार्ड पार्षद मो. सिताब, स्वपन घोष, कामेश्वर यादव, रामनाथ सुमन, शत्रुघ्न साह, सच्चितानंद शर्मा, केएन भरत, गोपाल ठाकुर, योगेंद्र भगत, ओम प्रकाश भगत, महेश साह, प्रदीप साह, राकेश साह और चन्द्रकिशोर भगत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
वहीं बेलौरी चौक स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में सचिव मनोज साह, लगन साह, दीपू साह, सूरज कुमार, मंटू मिश्रा, सोनू मिश्रा (पुजारी), रवि साह सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।
















