


जवाहरलाल नेहरू स्मारक उच्च विद्यालय में विद्यार्थी सम्मान समारोह व शिक्षा संवाद आयोजित, उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को किया सम्मानित
पूर्णिया। गुलाबबाग स्थित जवाहरलाल नेहरू स्मारक उच्च विद्यालय में शुक्रवार को विद्यार्थी सम्मान समारोह, छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षा संवाद और विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्णिया विधायक विजय खेमका, विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. साधना देवी एवं शिक्षा प्रेमी हरि चौहान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। छात्र-छात्राओं ने वंदे मातरम् और स्वागत गान प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

शिक्षा संवाद के दौरान विधायक विजय खेमका ने विद्यार्थियों से उनके भविष्य की योजनाओं, शिक्षा के क्षेत्र में उनकी आकांक्षाओं, सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा अध्ययन के लिए आवश्यक संसाधनों को लेकर सीधा संवाद किया। विद्यार्थियों ने भी अपनी समस्याओं, आवश्यकताओं और सुझावों से विधायक को अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने नशामुक्ति और दहेज प्रथा के विरोध में प्रभावी नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से नशा और दहेज को समाज के लिए अभिशाप बताते हुए लोगों को इन सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक होने का संदेश दिया गया।
विधायक ने विद्यालय में संचालित आधुनिक लैब और अटल प्रयोगशाला का निरीक्षण कर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक में विद्यालय के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।

समारोह में नुक्कड़ नाटक, गीत-संगीत, खेल, स्वच्छता और उपस्थिति अभियान सहित विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मोमेंटो और मेडल देकर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य एवं विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को भी विधायक ने अंगवस्त्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
विधायक विजय खेमका ने कहा कि शिक्षा के बगैर विकास अधूरा है। शिक्षा का प्रकाश हर घर तक पहुंचे, यही सरकार का संकल्प है। उन्होंने कहा कि पूर्णिया में शिक्षा के क्षेत्र में लगातार विकास हुआ है। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में प्लस-टू विद्यालय, आधुनिक लैब, अटल प्रयोगशालाएं, खेल मैदान, स्टेडियम और मॉडल विद्यालय विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन का अवसर उपलब्ध करा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्णिया में मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज, कृषि कॉलेज और विश्वविद्यालय जैसी उच्च शिक्षण संस्थाओं की उपलब्धता से छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर अवसर मिल रहे हैं। विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ शत-प्रतिशत छात्र उपस्थिति सुनिश्चित करना विद्यालय परिवार की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिसर में विधायक, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
















