5
(1)

विक्रमशिला सेतु पर आवागमन बंद होने के बाद भागलपुर से नवगछिया के बीच शुरू हुई है जहाज सेवा, यात्रा के दौरान बैग से जेवर चोरी होने का आरोप

नवगछिया। विक्रमशिला सेतु पर आवागमन बंद होने के बाद भागलपुर और नवगछिया के बीच गंगा पार कराने के लिए शुरू की गई जहाज सेवा के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। गुरुवार को भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण लिखे जहाज से भागलपुर के बियाडा घाट से नवगछिया के जहान्वी चौक घाट पहुंची करीब 60 वर्षीय महिला ने यात्रा के दौरान बैग से सोने के जेवर चोरी होने का आरोप लगाया है।

पीड़ित महिला की पहचान बिहपुर थाना क्षेत्र के अमरपुर गांव निवासी योगेंद्र साहनी की पत्नी देवता देवी के रूप में हुई है। महिला अपने पुत्र कुंदन कुमार और नतनी के साथ जहाज से भागलपुर से नवगछिया की यात्रा कर रही थीं। करीब तीन बजे जहान्वी चौक घाट पर जहाज से उतरने के बाद महिला ने वहां तैनात अस्थायी थाना के पुलिसकर्मियों और स्थानीय मजिस्ट्रेट को घटना की जानकारी दी।

बैग की चेन खोलकर जेवर निकालने का आरोप

महिला के अनुसार, भागलपुर से नवगछिया के बीच गंगा में जहाज से यात्रा के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके बैग की चेन खोल दी। इसके बाद बैग में रखा जेवर का छोटा डिब्बा निकाल लिया गया। महिला ने बताया कि डिब्बे में सोने की दो अंगूठियां रखी थीं।

महिला ने दोनों अंगूठियों की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई है। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान उन्हें चोरी की जानकारी नहीं हुई। नवगछिया पहुंचने के बाद जब उन्होंने अपना बैग देखा तो उसमें रखा जेवर का डिब्बा गायब था। बाद में खाली डिब्बा मिलने की बात भी सामने आई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला ने जहान्वी चौक घाट पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय मजिस्ट्रेट को मामले से अवगत कराया। पुलिस ने महिला से घटना की जानकारी ली। मामले को लेकर पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।

विक्रमशिला सेतु पर आवागमन बंद होने के बाद भागलपुर और नवगछिया के बीच लोगों की आवाजाही के लिए जहाज सेवा महत्वपूर्ण विकल्प बनी है। ऐसे में यात्रा के दौरान चोरी की घटना के आरोप से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। यात्रियों ने जहाज सेवा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता जताई है।

हालांकि, जेवर चोरी के आरोप की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस घटना के दौरान जहाज पर मौजूद यात्रियों और अन्य परिस्थितियों की जानकारी जुटाकर मामले की जांच कर रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: