
विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे पहलवानों के बीच हुए रोमांचक मुकाबले, ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने पर दिया जोर; भटोतर में काली पूजा समारोह में भी हुए शामिल
पूर्णिया। काली पूजा के अवसर पर जिले में धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के साथ खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सदर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी जितेंद्र यादव ने पूर्णिया पूर्व प्रखंड की कबैया पंचायत में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने मां काली की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा समस्त जिलावासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

कुश्ती प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। जितेंद्र यादव ने पहलवानों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने की जरूरत : जितेंद्र यादव
इस अवसर पर जितेंद्र यादव ने कहा कि कुश्ती भारत की प्राचीन और गौरवशाली खेल परंपराओं में से एक है। ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी इस खेल के प्रति युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिलता है। ऐसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक मजबूती का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास और आपसी भाईचारे की भावना भी विकसित होती है। ग्रामीण स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है, ताकि गांवों में छिपी प्रतिभाओं को उचित मंच मिल सके और वे आगे चलकर जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति के सदस्यों की सराहना की। साथ ही कहा कि धार्मिक आयोजनों के साथ खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन हमारी सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूती प्रदान करता है।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य विवेका यादव, मेला कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप यादव, संतोष यादव, ओम मेहता, मनोज साह सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य लोग और खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

भटोतर में काली पूजा समारोह में हुए शामिल
कबैया पंचायत में आयोजित कार्यक्रम के बाद जितेंद्र यादव बीकोठी प्रखंड के भटोतर पहुंचे। वहां आयोजित काली पूजा समारोह में शामिल होकर उन्होंने मां काली की पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने पूजा समिति के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों से आत्मीय मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
उन्होंने सभी को काली पूजा एवं लोक आस्था के महापर्व छठ की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। जितेंद्र यादव ने कहा कि काली पूजा हमारी आस्था, विश्वास और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे पर्व समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में बांधने का काम करते हैं। उन्होंने मां काली से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की कामना की।















