5
(1)

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। भागलपुर शहर के सुनियोजित, समावेशी एवं सतत विकास को लेकर बुधवार, 18 नवंबर 2026 को समाहरणालय में भागलपुर मास्टर प्लान-2047 के प्रारूप पर हितधारकों के साथ परामर्श बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आयुक्त, भागलपुर प्रमंडल-सह-अध्यक्ष, जिला भागलपुर आयोजना क्षेत्र प्राधिकार ने की।

बैठक में भागलपुर के भविष्य के विकास की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान मास्टर प्लान के प्रारूप का प्रस्तुतीकरण करते हुए प्रस्तावित भू-उपयोग योजना, परिवहन एवं यातायात व्यवस्था, आधारभूत संरचना, आवास, सार्वजनिक सुविधाओं, पर्यावरण संरक्षण और शहर के भविष्य में होने वाले विस्तार से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई।

बैठक में जिलाधिकारी, भागलपुर-सह-उपाध्यक्ष अलंकृता पांडे, जिला भागलपुर आयोजना क्षेत्र प्राधिकार, महापौर, नगर निगम भागलपुर, नगर आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, भागलपुर आयोजना क्षेत्र प्राधिकार सहित प्राधिकार के सदस्य, विभिन्न सरकारी विभागों, नगर निकायों, सार्वजनिक संस्थानों, व्यावसायिक संगठनों, विशेषज्ञों एवं अन्य संबंधित हितधारकों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

परामर्श बैठक के दौरान हितधारकों ने शहर की मौजूदा समस्याओं और भविष्य की विकास आवश्यकताओं को लेकर अपने सुझाव एवं विचार रखे। चर्चा में शहरी आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने, बेहतर यातायात एवं संपर्क व्यवस्था विकसित करने, अनियोजित शहरी विस्तार पर नियंत्रण, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा संतुलित क्षेत्रीय विकास पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद उपयुक्त सुझावों को मास्टर प्लान के अंतिम प्रारूप में शामिल करने पर विचार किया जाएगा।

प्रशासन के अनुसार, भागलपुर मास्टर प्लान-2047 का मुख्य उद्देश्य शहर के दीर्घकालिक विकास के लिए एक व्यापक एवं दूरदर्शी नियोजन ढांचा तैयार करना है। इसके माध्यम से नागरिकों को बेहतर जीवन स्तर, गुणवत्तापूर्ण शहरी सुविधाएं, आर्थिक अवसर और स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुगम शहरी वातावरण उपलब्ध कराने की परिकल्पना की गई है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: