
14 नवंबर को अपराधियों ने मारी थी कई गोलियां, गंभीर हालत में बेगूसराय के निजी अस्पताल में चल रहा था इलाज
नवगछिया। नवगछिया प्रखंड की खैरपुर कदवा पंचायत के पूर्व मुखिया अजय कुमार सिंह की बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्हें 14 नवंबर की शाम करीब साढ़े चार बजे अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। मृतक पचगछिया टोला कदवा निवासी रामलोचन सिंह के पुत्र थे।
जानकारी के अनुसार, पूर्व मुखिया अजय कुमार सिंह वकील प्रसाद मधुकर के घर प्रसाद खाने गए थे। वहां से मोटरसाइकिल से वापस लौटने के दौरान बालू घाट की पुलिया के समीप उन पर हमला किया गया। आरोप है कि मोहन कुमार और सौरव कुमार ने उन्हें गोली मार दी। गोली उनके पेट, पंजरे, गाल, हाथ और कंधे के आसपास लगी थी। गोली लगने के बाद वह मोटरसाइकिल से गिरकर सड़क किनारे गड्ढे में चले गए।

घटना की सूचना मिलने पर कदवा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पूर्व मुखिया को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया गया। बेगूसराय के एक निजी मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।















