5
(3)

@ 80 नए पदों से बढ़ेगी जांच की क्षमता, जल्द स्थापित होगी डीएनए यूनिट; कोसी-सीमांचल के जिलों को मिलेगी बड़ी राहत।

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। अपराध की गुत्थियां अब सिर्फ गवाहों और बयानों के भरोसे नहीं सुलझेंगी। घटनास्थल से मिले वैज्ञानिक साक्ष्य भी अदालत में न्याय की दिशा तय करेंगे। नए आपराधिक कानूनों के तहत गंभीर अपराधों की जांच में फॉरेंसिक विशेषज्ञों की भूमिका बढ़ने के बीच भागलपुर को बड़ी सौगात मिली है। यहां की क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला को 80 नए पद स्वीकृत किए गए हैं। डीएनए जांच यूनिट स्थापित करने का प्रस्ताव भी गृह विभाग को भेजा गया है। इन व्यवस्थाओं के धरातल पर उतरने से भागलपुर बिहार का दूसरा सबसे बड़ा फॉरेंसिक केंद्र बन सकेगा।

भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 176(3) के तहत सात वर्ष या उससे अधिक सजा वाले अपराधों में घटनास्थल पर फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भेजकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने का प्रावधान है। पॉक्सो मामलों में भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर फॉरेंसिक जांच पूरी करना महत्वपूर्ण है। ऐसे में भागलपुर की प्रयोगशाला पर जिम्मेदारी बढ़ने वाली है।

पटना के बाद भागलपुर को सबसे ज्यादा पद

राज्य में फॉरेंसिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कुल 620 नए पद सृजित किए गए हैं। पटना के बाद सबसे अधिक 80 पद भागलपुर की क्षेत्रीय प्रयोगशाला को मिले हैं। इनमें निदेशक, अपर निदेशक, उप निदेशक, सहायक निदेशक और वैज्ञानिक सहायकों के अलावा तकनीकी एवं गैर तकनीकी कर्मियों के पद शामिल हैं।

डीएनए जांच के लिए नहीं लगाना पड़ेगा पटना का चक्कर

भागलपुर की प्रयोगशाला पर बांका, मुंगेर, खगड़िया, बेगूसराय और कोसी-सीमांचल के कई जिलों की निर्भरता है। फिलहाल गंभीर मामलों के नमूने पटना या दूसरी प्रयोगशालाओं में भेजने पड़ते हैं। इससे जांच रिपोर्ट आने में महीनों लग जाते हैं और कई बार न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित होती है। भागलपुर में डीएनए यूनिट शुरू होने से दुष्कर्म और पॉक्सो मामलों की जांच में स्थानीय स्तर पर सुविधा बढ़ने की उम्मीद है।

निदेशालय गठन से बदलेगी व्यवस्था

फॉरेंसिक इकाइयों को पुलिस मुख्यालय के अपराध अनुसंधान विभाग से निकालकर गृह विभाग के प्रत्यक्ष नियंत्रण में लाने के लिए विधि विज्ञान निदेशालय गठित किया गया है। इसके तहत पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और राजगीर की प्रयोगशालाओं सहित चलंत विधि विज्ञान इकाइयों को मजबूत किया जा रहा है। नौ नई क्षेत्रीय प्रयोगशालाओं को भी मंजूरी मिली है।भागलपुर में फिलहाल दो मोबाइल फॉरेंसिक वाहन काम कर रहे हैं। स्वीकृत पदों पर नियुक्ति, आधुनिक उपकरणों और डीएनए यूनिट की स्थापना से घटनास्थल पर जांच और वैज्ञानिक रिपोर्ट तैयार करने की क्षमता बढ़ सकती है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 3

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: