


नवगछिया। नवगछिया पुलिस जिले के परवत्ता थाना क्षेत्र के बोड़वा गांव में होली के दौरान बहनोई समेत दो लोगों की गोली मारकर हत्या एवं एक युवक को घायल करने के चर्चित मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान परवत्ता थाना क्षेत्र के बोड़वा निवासी धर्मवीर मंडल के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, घटना होली के दौरान हुई थी। मामले में आरोप है कि एक युवती के साथ कथित छेड़छाड़ को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद गोलीबारी की घटना हुई। इस वारदात में दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था।
मामले के अनुसार, मृतक गुलशन मंडल अपनी पत्नी किरण देवी के साथ 3 मार्च को इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर चंडीस्थान स्थित अपने ससुराल आया था। अगले दिन उसके मित्र नीरज और आदेश कुमार भी वहां पहुंचे। होली खेलने के बाद तीनों परवत्ता थाना क्षेत्र के बोड़वा गांव स्थित गुलशन के रिश्तेदार देवन मंडल के घर गए थे।
बताया जाता है कि इसी दौरान आदेश कुमार को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। आरोप है कि युवती के साथ कथित गलत हरकत देखे जाने के बाद विवाद बढ़ गया और गोलीबारी की घटना हुई। इसमें आदेश कुमार को भी तीन गोलियां लगीं। घायल अवस्था में वह किसी तरह वहां से निकलकर जीरोमाइल पहुंचा और घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित धर्मवीर मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है तथा पूरे प्रकरण की जांच जारी है।
















