


स्वास्थ्य सेवाओं की परखी गुणवत्ता
नवगछिया। भागलपुर प्रमंडल के क्षेत्रीय अपर निदेशक (स्वास्थ्य सेवाएं) अजय सिंह ने मंगलवार को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों का भ्रमण कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
अपर निदेशक ने ओपीडी, इमरजेंसी, दवा वितरण केंद्र, प्रसव कक्ष, महिला एवं पुरुष वार्ड, पैथोलॉजी, टीकाकरण कक्ष, शौचालय, पेयजल व्यवस्था, बिजली आपूर्ति तथा चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर इलाज, दवा उपलब्धता और अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी भी ली।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, दवाओं के स्टॉक, मरीजों के उपचार संबंधी अभिलेखों तथा विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि प्रत्येक मरीज को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार, आवश्यक दवाएं तथा स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

निरीक्षण के बाद क्षेत्रीय अपर निदेशक अजय सिंह ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इलाज, साफ-सफाई, दवा उपलब्धता और मरीजों की सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नियमित रूप से औचक निरीक्षण किए जाएंगे। जहां भी कमियां पाई जाएंगी, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्य प्रबंधक एवं अस्पताल के अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।
















