
@ गंगा और चंपा नदी के घाटों पर दिखा छठ महापर्व का अद्भुत नजारा, छठी मइया के गीतों और जयकारों से भक्तिमय हुआ माहौल।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना का महापर्व छठ रविवार को अपने तीसरे दिन पूरे उत्साह, उमंग और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भागलपुर शहर के गंगा और चंपा नदी के घाटों समेत विभिन्न छठ घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित करने के लिए सुबह से ही व्रतियों और श्रद्धालुओं की तैयारियां शुरू हो गई थीं। शाम होते-होते घाटों पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु जुट गए। चारों ओर छठी मइया के पारंपरिक गीतों, भक्ति संगीत और जयकारों से पूरा वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंग गया।

छठ महापर्व को लेकर शहर के विभिन्न इलाकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बरारी, बूढ़ानाथ, आदमपुर, मुसहरी, चंपा पुल और नाथनगर सहित अन्य प्रमुख घाटों पर व्रतियों की भारी भीड़ रही। महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर सिर पर दउरा और हाथों में पूजा के सूप लेकर घाटों की ओर पहुंचीं। दउरा और सूप में नारियल, केला, सेब, मौसमी फल, ठेकुआ, अदरक, गन्ना और अन्य पूजन सामग्री सजाई गई थी। घाटों पर पहुंचने के बाद व्रतियों ने विधि-विधान और पूरी श्रद्धा के साथ भगवान सूर्य तथा छठी मइया की आराधना की।
संध्या समय जैसे ही सूर्य अस्त होने की ओर बढ़े, घाटों पर छठ पूजा का अद्भुत दृश्य दिखाई देने लगा। व्रती महिलाएं और पुरुष नदी एवं तालाबों के पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने लगे। हाथों में सजे हुए सूप, दीपों की रोशनी और जल में सूर्य की पड़ती लालिमा ने पूरे वातावरण को मनमोहक बना दिया। व्रतियों ने भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की कामना की।
छठ महापर्व की सबसे खास बात यह रही कि इसमें समाज के सभी वर्गों के लोगों की सहभागिता देखने को मिली। व्रतियों की सेवा और सहयोग के लिए स्थानीय लोग भी पूरी तत्परता से जुटे रहे। कहीं श्रद्धालुओं के बीच पूजन सामग्री की व्यवस्था की जा रही थी तो कहीं घाटों पर पहुंचने वाले लोगों की सहायता की जा रही थी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में पर्व को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नगर निगम, स्थानीय पूजा समितियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की व्यवस्था को दुरुस्त रखने तथा श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए स्थानीय स्तर पर सहयोग किया गया। विभिन्न घाटों पर पूजा समितियों के सदस्य भी व्यवस्था संभालने में जुटे रहे।

((((( बॉक्स ख़बर ))))))
डीएम और एसएसपी ने किया छठ घाटों का संयुक्त निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
भागलपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने रविवार को शहर के विभिन्न छठ घाटों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। संबंधित पदाधिकारियों को श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन और सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया। जिला प्रशासन ने आम लोगों से छठ पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।















