5
(1)

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। लोकआस्था के महापर्व छठ में डूबा अंग जनपद एक बार फिर अपनी अनूठी परंपराओं और भावनाओं का साक्षी बना। सूर्योपासना के इस महापर्व में भगवान भास्कर और छठी मैया की आराधना के साथ संतान सुख की कामना, मन्नतों की आस और पीढ़ियों से चली आ रही लोकमान्यताओं की झलक भी देखने को मिली। छठ घाट तट पर एक महिला अपने परिजन के साथ पुत्र प्राप्ति की मन्नत के लिए सड़क किनारे बैठी दिखाई दी। अपना अंचरा पसार कर व्रतियों और श्रद्धालुओं से आशीष मांग रही है।

CREATOR: gd-jpeg v1.0 (using IJG JPEG v62), default quality?

भागलपुर प्रमंडल के बांका जिले के अमरपुर प्रखंड स्थित बल्लीकित्ता छठ घाट पर भी एक ऐसी ही पारंपरिक रस्म देखने को मिली, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। छठ व्रत कर घाट से लौट रही व्रतियों से कुछ श्रद्धालु विशेष रूप से आशीर्वाद लेने पहुंचे। इस रस्म के पीछे पुत्र प्राप्ति की कामना और छठी मैया के प्रति अटूट विश्वास की मान्यता जुड़ी हुई है।

किसी के लिए यह महज एक लोकपरंपरा हो सकती है, लेकिन आस्था से जुड़े परिवारों के लिए इसके मायने बेहद भावुक हैं। वर्षों से संतान सुख की प्रतीक्षा कर रहे परिवार छठी मैया की शरण में अपनी मन्नतें लेकर पहुंचते हैं। खासकर पुत्र की कामना से जुड़ी यह परंपरा आज भी ग्रामीण समाज की मान्यताओं और भावनात्मक संसार का हिस्सा बनी हुई है।

लोकगीतों में भी गूंजती है मां की पुकार

छठ के पारंपरिक गीतों में भी ऐसी महिलाओं की मनोदशा और उम्मीदों की अभिव्यक्ति मिलती है, जो संतान सुख की कामना लेकर कठिन निर्जला व्रत करती हैं। ‘छठी मइया बेटा दिहे’ और ‘ए छठी माई बेटा मानते होइबु’ जैसे लोकगीत इसी भावविश्व को स्वर देते हैं। इन गीतों में कहीं मन्नत है, कहीं इंतजार, कहीं मां की ममता, तो कहीं ईश्वर के दरबार में अपनी झोली फैलाए एक श्रद्धालु की पुकार।

हालांकि, छठी मैया की आराधना केवल पुत्र प्राप्ति तक सीमित नहीं है। यह पर्व संतान की सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली, स्वास्थ्य और संतान की लंबी उम्र की कामना का भी प्रतीक है।

बल्लीकित्ता छठ घाट की यह परंपरा बताती है कि छठ महापर्व केवल उगते और डूबते सूर्य को अर्घ्य देने का अनुष्ठान नहीं, बल्कि लोकजीवन की भावनाओं, विश्वासों और पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं का एक जीवंत दस्तावेज भी है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: