
तीन दिवसीय लोकगाथा महोत्सव में देशभर के कलाकारों ने बिखेरी लोकसंस्कृति की छटा, मंजूषा प्रशिक्षण केंद्र की टीम को मिला सम्मान; भागलपुर की सांस्कृतिक विरासत को मिला राष्ट्रीय मंच
मधुबनी। जिले के राजनगर में उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (एनसीजेडसीसी), प्रयागराज की ओर से आयोजित तीन दिवसीय लोकगाथा महोत्सव में अंग प्रदेश की ऐतिहासिक लोकगाथा बिहुला-विषहरी की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। 14, 15 और 16 नवंबर को आयोजित इस महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे कलाकारों ने अपनी लोककलाओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय लोकपरंपरा की समृद्ध विरासत को जीवंत किया। महोत्सव में बिहार, छत्तीसगढ़, राजस्थान सहित कई राज्यों के कलाकारों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में बिहार के भागलपुर की प्रस्तुति को विशेष स्थान मिला। महोत्सव की शुरुआत भागलपुर के कलाकार निभाष मोदी की गणेश भजन प्रस्तुति से हुई। उनकी भक्तिमय प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। इसके बाद अंग जनपद की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर लोकगाथा बिहुला-विषहरी की भव्य नाट्य प्रस्तुति की गई। कलाकारों ने अपनी अभिनय कला के माध्यम से अंग क्षेत्र की प्राचीन लोकसंस्कृति, आस्था, परंपरा और नारी शक्ति की अद्भुत गाथा को मंच पर साकार किया।
मंजूषा प्रशिक्षण केंद्र की टीम ने दी प्रस्तुति
यह संपूर्ण प्रस्तुति मंजूषा प्रशिक्षण केंद्र की ओर से आयोजित की गई थी। लोकगाथा बिहुला-विषहरी का निर्देशन मनोज पंडित और निभाष मोदी ने संयुक्त रूप से किया। निभाष मोदी ने सूत्रधार की भूमिका निभाते हुए कथा को प्रभावशाली ढंग से आगे बढ़ाया और दर्शकों को लोकगाथा के विभिन्न प्रसंगों से जोड़े रखा।
नाटक में बिहुला की भूमिका वैष्णवी, विषहरी की भूमिका मानवी, चांदो सौदागर की भूमिका मनोज पंडित, महादेव की भूमिका शंभु सागर और बाला लखेंद्र की भूमिका काजल नाग ने निभाई। वहीं मनियार के रूप में अमन कुमार ने अपने अभिनय से भूमिका को जीवंत किया। विषहरी की बहनों के रूप में रुचि, साक्षी, श्रुति और अनन्या ने शानदार अभिनय किया। सभी कलाकारों ने भावपूर्ण संवादों और प्रभावशाली अभिनय से दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।

पारंपरिक संगीत और लोकधुनों ने बढ़ाई प्रस्तुति की खूबसूरती
नाट्य प्रस्तुति को संगीतमय और आकर्षक बनाने में कलाकारों एवं वाद्ययंत्रों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गायन की जिम्मेदारी मनोज पंडित ने संभाली। धनंजय कुमार ने ऑर्गन, मनोरंजन कुमार यादव ने नाल, राजकुमार शर्मा ने हारमोनियम और संजीव कुमार ने पैड पर संगत दी। पारंपरिक संगीत और लोकधुनों ने पूरी प्रस्तुति में लोकसंस्कृति की जीवंत छाप छोड़ी।
बिहुला के संघर्ष और साहस की गाथा को मिला राष्ट्रीय मंच
बिहुला-विषहरी की प्रस्तुति के माध्यम से अंग जनपद की उस ऐतिहासिक लोकगाथा को राष्ट्रीय सांस्कृतिक मंच पर प्रस्तुत किया गया, जिसमें बिहुला के संघर्ष, समर्पण, साहस और अटूट संकल्प की कहानी देखने को मिलती है। यह लोकगाथा अंग क्षेत्र की नारी प्रधान सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण उदाहरण है और आज भी यहां की सांस्कृतिक पहचान के रूप में जीवित है।
इसी लोकगाथा से जुड़ी मंजूषा कला में भी बिहुला-विषहरी की कथा को पारंपरिक चित्रों के माध्यम से दर्शाया जाता है। इस प्रस्तुति के जरिए कलाकारों ने न केवल अंग की लोकगाथा को दूसरे राज्यों के दर्शकों तक पहुंचाया, बल्कि क्षेत्र की पारंपरिक कला और सांस्कृतिक विरासत से भी लोगों को परिचित कराया।
महोत्सव के समापन पर पूरी टीम हुई सम्मानित
तीन दिवसीय महोत्सव के समापन पर आयोजक संस्थान की ओर से मनोज पंडित, निभाष मोदी और पूरी टीम को सम्मानित किया गया। दोनों निर्देशकों के साथ नाटक में शामिल सभी कलाकारों को भी सम्मान प्रदान किया गया।
इस महोत्सव में भागलपुर की टीम की प्रस्तुति ने अंग जनपद की लोकगाथा, मंजूषा कला और सांस्कृतिक विरासत को देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों एवं दर्शकों के बीच पहचान दिलाई। आयोजन के माध्यम से बिहार की समृद्ध लोकसंस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण प्रयास देखने को मिला।















