


पूर्णिया। जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को बनमनखी अनुमंडल क्षेत्र के धरहरा चौक पर एक सब्जी विक्रेता को केमिकल से भिंडी रंगते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।
यह कार्रवाई जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार (भा.प्र.से.) के निर्देश के आलोक में की गई। अनुमंडल पदाधिकारी बनमनखी एवं एनएचआई के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से साइट विजिट के दौरान उक्त विक्रेता की गतिविधि पर संदेह होने पर जांच की, जिसमें भिंडी को केमिकल से रंगने की पुष्टि हुई।
मौके पर ही संबंधित विक्रेता को हिरासत में लेकर आगे की विधि सम्मत कार्रवाई के लिए बनमनखी थाना अध्यक्ष एवं जिला खाद्य पदाधिकारी के हवाले कर दिया गया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने वाले विक्रेताओं पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















