


पूर्णिया। जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। मंगलवार को पूर्णिया जिले में संचालित गैस एजेंसियों द्वारा कुल 7715 गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराए गए, जबकि एजेंसियों के गोदामों में अब भी 22,500 से अधिक सिलेंडर सुरक्षित हैं।
अपर समाहर्ता-सह-जिला आपूर्ति पदाधिकारी रविशंकर उरांव ने बताया कि मंगलवार को कुल 8931 उपभोक्ताओं ने गैस सिलेंडर की मांग की थी, जिसके विरुद्ध नियमानुसार 7715 सिलेंडरों का वितरण किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और सभी एजेंसियां पूर्व की तरह नियमित रूप से होम डिलीवरी सेवा दे रही हैं।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में गैस आपूर्ति का चक्र लगभग 45 दिनों का है, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह अवधि करीब 25 दिनों की निर्धारित है।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि घबराहट या अफवाहों में आकर अनावश्यक रूप से गैस की बुकिंग न करें और न ही काउंटर या गोदाम पर भीड़ लगाएं। नियमानुसार बुकिंग कराने पर समय पर होम डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है।
साथ ही, गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए उपभोक्ता जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06454-242319, 242317 या 242320 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन द्वारा प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।















