5
(1)



पूर्णिया। भारत सरकार के संचार मंत्रालय के अंतर्गत डाक विभाग के बिहार सर्किल ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए डाकघर बचत बैंक (POSB) खाते खोलने में पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर केंद्रीय संचार मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए इसे डाक विभाग की बड़ी सफलता बताया है।


केंद्रीय मंत्री ने बताया कि विभाग ने वित्त वर्ष 2024-25 में ₹15,296 करोड़ का राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वित्त वर्ष 2023-24 के ₹13,218 करोड़ की तुलना में लगभग 16 प्रतिशत अधिक है। विभाग को कुल ₹17,546 करोड़ का व्यावसायिक लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके विरुद्ध 88 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई।


देशभर के सर्किलों के प्रदर्शन की समीक्षा में 8 सर्किलों ने 90 प्रतिशत से अधिक लक्ष्य हासिल किया, जबकि 14 सर्किलों ने 80 से 90 प्रतिशत के बीच उपलब्धि प्राप्त कर बेहतर कार्य निष्पादन का परिचय दिया। केंद्रीय मंत्री ने वर्ष 2025-26 को डाक विभाग के लिए “ऐतिहासिक वर्ष” बताते हुए सभी सर्किलों को नवाचार और सेवा विस्तार पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।


बिहार सर्किल ने डाकघर बचत बैंक (POSB) सेवाओं में 27 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करते हुए 106 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया, जिसके परिणामस्वरूप उसे राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान मिला। वहीं कुल राजस्व प्राप्ति के मामले में बिहार सर्किल ने देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया।


श्री सिंधिया ने बिहार सर्किल की सराहना करते हुए कहा कि टीम के समर्पण, मेहनत एवं नवाचारपूर्ण प्रयासों ने वित्तीय समावेशन को मजबूत आधार प्रदान किया है। उन्होंने इसे पूरे देश के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बताते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट कार्य करने का आह्वान किया।


डाक विभाग के अधिकारियों ने इस उपलब्धि का श्रेय ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार, डिजिटल सेवाओं के बढ़ते उपयोग तथा कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी को दिया है। विभाग का लक्ष्य आगामी वित्तीय वर्ष में वित्तीय सेवाओं को और अधिक सुलभ बनाते हुए आम लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: