


पूर्णिया। शहर के झंडा चौक के समीप मंगलवार रात एक दर्दनाक दृश्य सामने आया, जब सड़क के बीचो-बीच एक असहाय बुजुर्ग महिला पड़ी हुई मिली। घटना रात करीब 10 बजे लाइन बाजार से रजनी चौक जाने वाली सड़क पर भागलपुरी होटल के पास की है, जहां किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने स्थिति को देखते ही तुरंत अपनी गाड़ी रोक दी और मौके पर उतरकर हालात का जायजा लिया। उन्होंने बिना देर किए संगठन के कार्यकर्ताओं को बुलाया और राहत कार्य शुरू कराया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय थाना और अनुमंडल पदाधिकारी को तुरंत सूचना दी गई। सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की।
बुजुर्ग महिला को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया और उन्हें प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई गई। स्थिति सामान्य होने तक संगठन के कार्यकर्ता मौके पर डटे रहे, जिससे एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
इस मौके पर आशीष गोस्वामी ने कहा कि सड़क पर असहाय अवस्था में मिला हर व्यक्ति समाज की संवेदनशीलता की परीक्षा है। उन्होंने कहा कि जब तक अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को सुरक्षा और सहारा नहीं मिलेगा, तब तक समाज की जिम्मेदारी पूरी नहीं होती। उन्होंने संगठन की ओर से आगे भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए तत्पर रहने की बात कही।
उन्होंने पूर्णिया पुलिस प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।















