


भागलपुर । श्रावणी मेले के दौरान भागलपुर-सुल्तानगंज मार्ग पर महेशी गांव के समीप हुए सड़क हादसे में असम के एक कांवरिया श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य श्रद्धालु घायल हो गए। मृतक की पहचान असम के चपराकाटा स्थित बोए गांव निवासी 40 वर्षीय शंकर दत्ता के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, असम से आए 21 कांवरियों का जत्था भागलपुर पहुंचने के बाद दो ऑटो रिजर्व कर सुल्तानगंज जाने के लिए निकला था। इसी दौरान महेशी गांव के पास एक ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे सीमेंट के खंभे से टकरा गया और दो बार पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना में शंकर दत्ता सहित पांच अन्य श्रद्धालु घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से पहले सुल्तानगंज सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल शंकर दत्ता, पूपली राय, महादेव सरकार और बाखल बर्मन को बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मायागंज) रेफर किया गया। इलाज के दौरान शंकर दत्ता की मौत हो गई।
घायल श्रद्धालु पूपली राय ने आरोप लगाया कि ऑटो चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था और मोबाइल फोन पर बात भी कर रहा था। इसी लापरवाही के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और दुर्घटना हो गई।
परिजनों के अनुसार, शंकर दत्ता अविवाहित थे और असम में पंडाल डेकोरेशन का काम करते थे। हादसे के बाद उनके परिवार में शोक की लहर है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को जब्त कर लिया है, जबकि चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। सुल्तानगंज थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं बरारी कैंप थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। चिकित्सकों के अनुसार घायल अन्य श्रद्धालुओं की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
















