
नवगछिया नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का किया गया निरीक्षण, साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था को दिया गया अंतिम रूप
नवगछिया। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर नवगछिया नगर परिषद प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए नगर परिषद क्षेत्र के कुल 30 छठ घाटों को तैयार एवं सजाया जा रहा है। इसी क्रम में नगर परिषद के प्रतिनिधियों ने शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया


निरीक्षण के दौरान गोपाल गौशाला सहित शहर के प्रमुख छठ घाटों का जायजा लिया गया। इनमें मनियामोर, राजेंद्र कॉलोनी, चैती दुर्गा मंदिर, नया टोला, भवानीपुर और श्रीपुर मिल टोला सहित अन्य घाट शामिल हैं। सभी घाटों पर छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
नगर परिषद की ओर से घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर विशेष तैयारी की गई है। घाटों को व्यवस्थित करने के साथ श्रद्धालुओं के आवागमन और पूजा-अर्चना के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। नगर परिषद का प्रयास है कि सभी छठव्रती सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण में भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें।
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मुकेश कुमार, सशक्त समिति के सदस्य मुन्ना भगत एवं नागेश्वर सिंह, पार्षद अनूप भगत, पार्षद प्रतिनिधि मुकेश राणा सहित शहर के कई स्थानीय लोग मौजूद थे।
नगर परिषद की ओर से छठ महापर्व को लेकर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को पर्व के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।















