
कासिमपुर और पकरा बासा के बीच घात लगाए अपराधियों ने की गोलीबारी, शरीर के कई हिस्सों में लगी गोली; घटनास्थल से कट्टा और खोखा बरामद
नवगछिया। नवगछिया प्रखंड के खैरपुर कदवा पंचायत के पूर्व मुखिया अजय कुमार सिंह पर अपराधियों ने दिनदहाड़े जानलेवा हमला कर दिया। कासिमपुर और पकरा बासा के बीच पहले से घात लगाए अपराधियों ने उनकी मोटरसाइकिल रोककर ताबड़तोड़ गोलीबारी की। गोली लगने से पूर्व मुखिया गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, पूर्व मुखिया अजय कुमार सिंह पचगछिया टोला कदवा निवासी रामलोचन सिंह के पुत्र हैं। बताया जाता है कि वे वकील प्रसाद मधुकर के घर प्रसाद ग्रहण करने गए थे। वहां से प्रसाद खाकर मोटरसाइकिल से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कासिमपुर और पकरा बासा के बीच पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया। अपराधियों ने उनके पेट, पंजरे, गले, हाथ और कंधे के आसपास कई गोलियां मारीं। गोली लगते ही वे मोटरसाइकिल से नीचे गिरकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरे।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना कदवा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पूर्व मुखिया को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया गया।
इधर, पति को गोली मारे जाने की सूचना मिलने पर उनकी पत्नी रेणु देवी मील टोला स्थित आवास से अनुमंडल अस्पताल पहुंचीं। घटना की जानकारी मिलने पर नवगछिया नगर परिषद के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि प्रेम सागर उर्फ डब्लू यादव, जदयू जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह और ज्ञानशक सिंह भी अस्पताल पहुंचे तथा घायल का हाल जाना।

घटनास्थल से पुलिस ने एक कट्टा और एक खोखा बरामद किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुट गई है। घटनास्थल पर एसडीपीओ सईम रज़ा भी पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
दिनदहाड़े पूर्व मुखिया पर हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस अपराधियों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।















