
पति के भाई, सास और ससुर पर लगाया हिंसा एवं धमकी देने का आरोप, सोशल मीडिया पर मानहानि और मानसिक प्रताड़ना का भी किया दावा; पुलिस सुरक्षा की मांग
नवगछिया। नवगछिया थाना क्षेत्र के पकड़ा गांव में दहेज विवाद को लेकर पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया है। बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड निवासी श्रेया भारती ने अपने पति के परिवार के सदस्यों पर मारपीट, जानलेवा हमला, दुष्कर्म की धमकी और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने आदर्श थाना नवगछिया में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने और अपने परिवार को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

आवेदन के अनुसार, श्रेया भारती अपने नाना गणेश झा से मिलने पकड़ा आई थीं। इसी दौरान 13 नवंबर को उनके पति रोशन कुमार के परिवार के सदस्यों के साथ विवाद हो गया, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया।
महिला का आरोप है कि उनके पति के भाई सचिन कुमार मिश्रा ने रोशन कुमार का गला पकड़कर गला घोंटने का प्रयास किया। इस दौरान उनकी बहन के कपड़े भी फाड़ दिए गए। साथ ही उनकी छोटी बहन के साथ दुष्कर्म करने की धमकी दी गई। श्रेया भारती ने अपने ससुर शरवन कुमार मिश्रा और सास उषा देवी पर भी मारपीट एवं हिंसा में शामिल होने का आरोप लगाया है।
महिला के अनुसार, घटना के दौरान उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी। आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर सभी को बचाया। उनका कहना है कि यदि समय पर पड़ोसी मौके पर नहीं पहुंचते तो उनके पति की जान भी जा सकती थी।
आवेदन में श्रेया भारती ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनकी मानहानि करने, नौकरी एवं पेशेवर जीवन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने तथा लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया है कि उन्हें और उनके परिवार को लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।
महिला ने आदर्श थाना नवगछिया पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आवेदन में नामजद आरोपितों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

पुलिस की कार्रवाई: इस मामले में प्राथमिकी दर्ज होने अथवा पुलिस जांच की वर्तमान स्थिति की जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी है। सभी आरोप आवेदन में लगाए गए हैं, जिनकी पुलिस जांच के बाद ही पुष्टि हो सकेगी।















