5
(1)

परवत्ता थाना क्षेत्र के कनकी टोला में हुआ हादसा, बच्ची की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक और खलासी के साथ की मारपीट; पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कराया शांत

नवगछिया। परवत्ता थाना क्षेत्र के कनकी टोला में टेम्पो की चपेट में आने से 18 माह की बच्ची की मौत हो गई। मृतका की पहचान सुमन कुमार मंडल की पुत्री हंसिका कुमारी के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, बच्ची की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने टेम्पो के चालक और खलासी के साथ मारपीट शुरू कर दी। सूचना मिलने पर परवत्ता थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

मिली जानकारी के अनुसार, एक टेम्पो पर आलू-प्याज लेकर चालक और खलासी कनकी टोला पहुंचे थे। दोनों वाहन रोककर आलू-प्याज की बोरियां एक खरीदार के घर पहुंचाने गए थे। इसी दौरान किसी व्यक्ति द्वारा वाहन को धक्का दिए जाने से टेम्पो आगे बढ़ गया। उस समय सड़क पर खेल रही 18 माह की हंसिका कुमारी वाहन की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के बाद परिजन बच्ची को तत्काल इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, पूर्णिया ले जाने के दौरान रास्ते में ही बच्ची की मौत हो गई।

बच्ची की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए और टेम्पो के चालक एवं खलासी के साथ मारपीट करने लगे। घटना की सूचना मिलते ही परवत्ता थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और चालक एवं खलासी को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराया।

इसके बाद पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।

इस हृदयविदारक घटना के बाद मृत बच्ची के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: