
24 नवंबर को नवगछिया के फूड प्लाजा में होगा नीति संवाद कार्यक्रम, युवा जदयू जिलाध्यक्ष रवि कुमार ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं की भागीदारी का किया दावा
नवगछिया। सुशासन दिवस नीति संवाद कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को युवा जदयू नवगछिया की बैठक जाह्नवी चौक स्थित चंपारण मीट हाउस में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता युवा जदयू के जिलाध्यक्ष रवि कुमार ने की। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में जदयू के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह कुशवाहा उपस्थित रहे।

बैठक में इस्माइलपुर प्रखंड के युवा नेता विनीत कुमार के नेतृत्व में दो दर्जन से अधिक युवाओं ने भाग लिया। इस दौरान सर्वसम्मति से विनीत कुमार को इस्माइलपुर युवा जदयू का प्रखंड अध्यक्ष चुना गया। उनके चयन पर उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
बैठक को संबोधित करते हुए जदयू जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह कुशवाहा ने पार्टी में शामिल होने वाले युवाओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन को मजबूती मिलती है। उन्होंने आगामी 24 नवंबर को आयोजित होने वाले सुशासन दिवस नीति संवाद कार्यक्रम में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

वहीं, युवा जदयू जिलाध्यक्ष रवि कुमार ने कहा कि 24 नवंबर को नवगछिया के फूड प्लाजा में आयोजित होने वाले नीति संवाद कार्यक्रम में युवा जदयू के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में हुए विकास कार्यों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की जाएगी। इसमें छात्रों, युवाओं और महिलाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी रहेगी।
बैठक में संगठन की मजबूती, युवाओं को पार्टी से जोड़ने और आगामी कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर गोपालपुर विधानसभा के राज्य परिषद सदस्य गुलशन मंडल, इस्माइलपुर प्रखंड जदयू अध्यक्ष चंद्रिका मंडल, रणबीर कुमार, रमन कुमार, विपिन कुमार मंडल, साहेब कुमार सहित दर्जनों युवा कार्यकर्ता उपस्थित थे।















