
महापौर विभा कुमारी ने नगर निगम की टीम के साथ किया विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण, साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल, शौचालय और चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने का दिया निर्देश
पूर्णिया। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर पूर्णिया नगर निगम प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसके लिए नगर निगम की ओर से शहर के प्रमुख छठ घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु नगर निगम की ओर से तैयार एवं सजाए गए छठ घाटों पर पहुंचेंगे।

इसी क्रम में शनिवार को पूर्णिया की महापौर विभा कुमारी ने नगर निगम की टीम के साथ शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सिटी छठ घाट, चंदन नगर (गुंडा चौक), दमका नहर छठ घाट, शिवनगर छठ घाट, बीबीगंज पुल, छठ पोखर पक्की तालाब, ततमा टोली छठ पोखर और चूनापुर बलधिम्मा घाट सहित कई प्रमुख घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, समतलीकरण, पहुंच पथ और सजावट से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। जहां भी किसी प्रकार की कमी दिखाई दी, वहां संबंधित कर्मियों को तत्काल आवश्यक सुधार करने का निर्देश दिया।
महापौर विभा कुमारी ने कहा कि छठ महापर्व पूर्णिया सहित पूरे बिहार के लोगों की आस्था, विश्वास और श्रद्धा का महापर्व है। छठव्रतियों की सुविधा, सुरक्षा और सम्मान नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निगम का प्रयास है कि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को घाटों पर किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो तथा सभी लोग स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर सकें।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष नगर निगम की ओर से सूचीबद्ध 65 छठ घाटों के अतिरिक्त लगभग दो दर्जन अन्य घाटों पर भी विशेष व्यवस्था की गई है। सभी घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षा और अन्य जरूरी सुविधाओं का इंतजाम किया गया है। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को आवागमन योग्य बनाया जा रहा है तथा उनकी नियमित सफाई कराई जा रही है। घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और फॉगिंग भी कराई गई है। इसके अलावा छठव्रतियों की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम, शौचालय और पेयजल की व्यवस्था की गई है।

महापौर ने बताया कि छठ घाटों सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भक्ति संगीत और जनजागरूकता से संबंधित ध्वनि संदेशों का प्रसारण भी कराया जा रहा है। नगर निगम की पूरी टीम लगातार विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही है, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़े।
इस अवसर पर महापौर विभा कुमारी ने समस्त छठव्रतियों एवं नगरवासियों को लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छठी मैया से सभी के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की।
निरीक्षण के दौरान महापौर विभा कुमारी के साथ जितेंद्र यादव, वार्ड पार्षद गुलाब हुसैन, कल्याणी राय, पार्षद प्रतिनिधि राजीव राय, राजीव मिश्रा, विनोद यादव, चंदू यादव, रविन्द्र सिंह, मुरारी झा, धीरज पुगलिया, नीतू दा, संजय सिंह, जितेंद्र शर्मा, बाबू भवाल, राजा दास, सुजित मिश्रा, सतीश मिश्रा सहित कई स्थानीय एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।















