
19 वर्षीय शिवम सांडिल्य को भागलपुर जिला मुख्य समन्वयक की जिम्मेदारी
भागलपुर। ‘लेट्स इंस्पायर बिहार’ ने भागलपुर क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को और मजबूत करने के लिए नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। संगठन की ओर से इं. अंशु सिंह को भागलपुर, बांका एवं नवगछिया का मंडलीय समन्वयक नियुक्त किया गया है। वहीं, 19 वर्षीय शिवम सांडिल्य को भागलपुर जिला मुख्य समन्वयक की जिम्मेदारी दी गई है।
संगठन के प्रणेता एवं वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आईजी विकास वैभव के मार्गदर्शन में की गई इन नियुक्तियों को संगठन के विस्तार और युवाओं को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया है।
बताया गया कि दोनों पदाधिकारियों का चयन उनके समर्पण, सक्रियता, कार्यशैली तथा समाज के प्रति सकारात्मक योगदान की भावना को देखते हुए किया गया है। संगठन का उद्देश्य बिहार की सकारात्मक शक्ति को एकजुट करते हुए शिक्षा, समता और उद्यमिता को बढ़ावा देना तथा युवाओं को रचनात्मक एवं विकासात्मक गतिविधियों से जोड़ना है।
‘लेट्स इंस्पायर बिहार’ की ओर से बिहार के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को एक मंच पर लाने, युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और शिक्षा एवं उद्यमिता के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन की दिशा में लगातार गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। संगठन की पहल अब बिहार के बाहर देश के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले लोगों को भी जोड़ने तथा बिहार की सकारात्मक पहचान को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर इं. अंशु सिंह ने कहा कि वे भागलपुर, बांका और नवगछिया क्षेत्र में संगठन के उद्देश्यों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। साथ ही युवाओं और सामाजिक रूप से सक्रिय लोगों को अभियान से जोड़कर विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों को गति देने पर जोर रहेगा।
वहीं, भागलपुर जिला मुख्य समन्वयक बनाए गए शिवम सांडिल्य ने कहा कि युवाओं को समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को सकारात्मक दिशा में लगाकर समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।














