
@ मुंगेर में जेवरात तौलने के लिए इलेक्ट्रिक तराजू लेकर पहुंची टीम। भागलपुर निवासी नारद दास फिलहाल मुंगेर में पदस्थापित हैं।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर/मुंगेर/मुजफ्फरपुर। आय से अधिक संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने योजना एवं विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता भागलपुर निवासी नारद कुमार दास के पांच ठिकानों पर गुरुवार को एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई भागलपुर, मुंगेर, मुजफ्फरपुर और पटना स्थित ठिकानों पर की गई। EOU की प्राथमिक जांच में नारद कुमार दास के पास उनकी ज्ञात और वैध आय से 83 लाख 53 हजार 200 रुपये अधिक संपत्ति होने का प्रथमदृष्टया साक्ष्य मिलने की बात कही गई है। यह राशि उनकी ज्ञात आय से करीब 64.93 प्रतिशत अधिक बतायी गयी है।
सुबह 4.30 बजे भागलपुर आवास पर पहुंची टीम:

गुरुवार सुबह पुलिस उपाधीक्षक स्तर के पदाधिकारियों के नेतृत्व में ईओयू की अलग-अलग टीमों ने एक साथ कार्रवाई शुरू की. भागलपुर के तिलकामांझी स्थित हनुमान पथ आवास पर सुबह करीब 4.30 बजे से तलाशी शुरू होने की जानकारी मिली है. टीम आवास में मौजूद दस्तावेजों, संपत्ति से जुड़े कागजात और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की जांच कर रही है.
ससुराल से करीब 52 लाख रुपये कैश:
मुजफ्फरपुर स्थित नारद कुमार दास के ससुराल में EOU की टीम ने सुबह करीब सात बजे राधिका अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 2F में छापेमारी शुरू की। बताया गया कि फ्लैट में उनके सास-ससुर और साला रहते हैं तथा नारद कुमार दास अपनी पत्नी के साथ यहां अक्सर आते-जाते थे।जांच एजेंसी के अनुसार, तलाशी के दौरान करीब 52 लाख रुपये नकद बरामद होने की जानकारी है। नकदी अधिक होने के कारण नोटों की गिनती के लिए मशीन मंगानी पड़ी। EOU को कथित तौर पर सूचना मिली थी कि आय से अर्जित राशि का एक हिस्सा ससुराल में रखा गया है। यहां करीब छह घंटे तक तलाशी चली।
मुंगेर में किराये के मकान पर भी छापेमारी:

नारद कुमार दास फिलहाल मुंगेर में पदस्थापित हैं। वे कासिम बाजार थाना क्षेत्र के बेलन बाजार, बंगाली टोला स्थित किराये के मकान में रहते हैं। EOU की टीम गुरुवार सुबह उनके ड्यूटी पर जाने से पहले ही वहां पहुंच गयी और तलाशी शुरू कर दी।सूत्रों के मुताबिक, तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में जेवरात मिलने की बात सामने आयी है। इसके बाद स्थानीय पुलिस एक आभूषण कारोबारी को इलेक्ट्रिक तराजू के साथ मौके पर लेकर पहुंची। जेवरात के वजन और अन्य विवरण की जांच की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर मकान के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती की गयी।
सरकारी कार्यालय में करीब चार घंटे चली जांच:
मुंगेर स्थित नारद कुमार दास के सरकारी कार्यालय में भी EOU की टीम ने करीब चार घंटे तक तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान कई दस्तावेजों को जब्त कर टीम अपने साथ ले गयी। इन दस्तावेजों की जांच की जाएगी। हालांकि, कार्यालय से बरामद दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आयी है।
EOU के सीनियर डीएसपी संजय पांडेय के अनुसार, जांच के दौरान आय से अधिक संपत्ति का मामला सामने आया था। जांच में यह जानकारी भी मिली कि कुछ रकम ससुराल में रखे जाने की आशंका है। इसी आधार पर तलाशी की कार्रवाई की गयी।
सर्च वारंट के बाद कार्रवाई:
EOU के मुताबिक, नारद कुमार दास की ज्ञात कानूनी आय और संपत्ति की प्रारंभिक जांच में 83.53 लाख रुपये की आय से अधिक संपत्ति का प्रथमदृष्टया साक्ष्य मिला। इसके आधार पर आर्थिक अपराध इकाई ने तलाशी के लिए विशेष न्यायालय (निगरानी), पटना से सर्च वारंट प्राप्त किया था। पांचों ठिकानों पर तलाशी के दौरान मिले नकदी, जेवरात, दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों का सत्यापन किया जा रहा है।















