


भागलपुर। गांधी जयंती और महात्मा गांधी के भागलपुर-बांका आगमन के शताब्दी वर्ष के अवसर पर दिशा ग्रामीण विकास मंच, बैजानी की ओर से 2 से 4 अक्टूबर तक तीन दिवसीय गांधी उत्सव आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम बैजानी के गांधी धाम और बांका के शोभनपुर स्थित गांधी आश्रम में होगा।
2 अक्टूबर को सुबह 10 बजे बैजानी उच्च विद्यालय से गांधी धाम तक ‘गांधी के संग गांधी सद्भावना पदयात्रा’ निकलेगी। इसके बाद गांधी धाम में टेराकोटा से निर्मित गांधी की प्रतिमा का अनावरण और मुख्य सभा होगी। डॉ. मनोज मीता द्वारा गांधी की आत्मकथा के अंगिका अनुवाद ‘महात्मा गांधी रो आत्मकथा’ का लोकार्पण किया जाएगा। इस अवसर पर ‘गांधी सद्भावना सम्मान’ वरिष्ठ अधिवक्ता एवं बाल अधिकार कार्यकर्ता हरिओम जिंदल को दिया जाएगा।
3 अक्टूबर को शोभनपुर गांधी आश्रम में सुबह 11:30 बजे गांधी की प्रतिमा का अनावरण होगा। वहीं 4 अक्टूबर को गांधी धाम में सांस्कृतिक कार्यक्रम और वरिष्ठ कवि राजकुमार की अध्यक्षता में कवि सम्मेलन आयोजित होगा। शाम 5:17 बजे दीप प्रज्वलन एवं संकल्प सभा के साथ उत्सव का समापन होगा।
आयोजक डॉ. मनोज मीता ने बताया कि उत्सव का उद्देश्य गांधी के सत्य, अहिंसा, सामाजिक सद्भाव और ग्राम स्वराज के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि बापू टावर, पटना के निदेशक को प्रत्येक प्रमंडल मुख्यालय में गांधी प्रतिमा स्थापित करने के प्रस्ताव के संबंध में पत्र भी सौंपा जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष शंभुदयाल खेतान, प्रकाश गुप्ता, छाया पाण्डेय, उलूपी झा, पारस सिंह सहित अन्य मौजूद रहे। संचालन प्रसून लतांत ने किया।
















