


नवगछिया : गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए नवगछिया के राघोपुर एवं आसपास के तटबंधों पर जल संसाधन विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। बाढ़ सुरक्षा को लेकर विभाग ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। बुधवार को जल संसाधन विभाग के इंजीनियर-इन-चीफ वरुण कुमार ने राघोपुर क्षेत्र पहुंचकर तटबंधों एवं कटाव निरोधक कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को चौबीसों घंटे निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान इंजीनियर-इन-चीफ ने कहा कि गंगा के जलस्तर में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव को देखते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखी जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 400 से 500 जियो बैग पहले से भरकर तैयार रखें, ताकि कटाव की स्थिति उत्पन्न होने पर उन्हें तत्काल प्रभावित स्थानों पर लगाया जा सके।

जल संसाधन विभाग के अनुसार हाल के दिनों में गंगा के तेज बहाव के कारण तटबंध के कुछ हिस्सों में कटाव की आशंका बनी थी। हालांकि विभाग द्वारा समय रहते तकनीकी उपाय अपनाते हुए मरम्मत एवं सुरक्षा कार्य किए गए, जिससे स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। तटबंध को और अधिक मजबूत बनाने के लिए जियो बैग के साथ-साथ बॉम्बे रोल का भी उपयोग किया जा रहा है, ताकि तेज धारा से होने वाले कटाव को रोका जा सके।
बाढ़ सुरक्षा कार्यों की लगातार निगरानी के लिए विभागीय अधिकारी एवं अभियंता क्षेत्र में कैंप कर रहे हैं। अनुमंडलीय स्तर के अधिकारियों की देखरेख में राहत एवं सुरक्षा कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और तटबंधों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता सीताराम पासवान, अधीक्षण अभियंता सुबोध चौधरी, कार्यपालक अभियंता गौतम कुमार सहित जल संसाधन विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। तटबंध संघर्ष समिति के अध्यक्ष अख्तर जमील ने भी अधिकारियों को क्षेत्र की समस्याओं और स्थानीय लोगों की चिंताओं से अवगत कराया।
इंजीनियर-इन-चीफ वरुण कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बाढ़ सुरक्षा कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। उन्होंने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और तटबंधों की मजबूती तथा कटाव निरोधक कार्यों की नियमित निगरानी हर हाल में सुनिश्चित की जाए, ताकि संभावित बाढ़ की स्थिति में किसी प्रकार की क्षति न हो।
















