


नवगछिया : गंगा नदी के लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने बाढ़ पूर्व तैयारियों को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इस्माईलपुर-बिंदटोली तटबंध सहित आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी तेज कर दी गई है। इसी क्रम में मंगलवार को जल संसाधन विभाग के अभियंता प्रमुख तरुण कुमार ने अधिकारियों की टीम के साथ तटबंध एवं विभिन्न स्परों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।

अभियंता प्रमुख तरुण कुमार के साथ मुख्य अभियंता जयप्रकाश पासवान और अधीक्षण अभियंता सुबोध चौधरी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सबसे पहले राघोपुर बांध का निरीक्षण किया। इसके बाद टीम इस्माईलपुर-बिंदटोली तटबंध पहुंची, जहां स्पर संख्या 5 से 9 तक की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान अभियंताओं ने तटबंध की मजबूती, कटाव की संभावनाओं और जल दबाव की स्थिति की जानकारी ली। अभियंता प्रमुख ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि तटबंध की लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए और जिन स्थानों पर खतरे की संभावना अधिक है, वहां विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखी जाएं।
अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों पर नियमित निरीक्षण करने, स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र को मजबूत रखने और तटबंध सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालक अभियंता गौतम कुमार, सहायक अभियंता नयन कुमार, कनीय अभियंता रविंद्र कुमार, संजीत कुमार मांझी, संवेदक मुन्ना सिंह, टुनटुन कुमार, सुरेश भगत सहित जल संसाधन विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
इधर, गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि का सिलसिला लगातार जारी है। हालांकि पिछले 24 घंटे में जलस्तर बढ़ने की रफ्तार कुछ धीमी रही है। मंगलवार सुबह छह बजे स्पर संख्या-07 के समीप गंगा का जलस्तर 29.54 मीटर दर्ज किया गया। विभाग की ओर से नदी के जलस्तर और तटबंधों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
















