


नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र के वीरनगर गांव में मंगलवार शाम बाइक चलाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गंगा किनारे से दाह संस्कार कर लौट रहे लोगों के बीच तेज रफ्तार मोटरसाइकिल चलाने को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस घटना में दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए।

घटना में एक पक्ष के गुलशन कुमार, पिता स्व. महेश महलदार एवं शंकर सिंह, पिता स्व. जनार्दन सिंह घायल हुए हैं। वहीं दूसरे पक्ष की प्रेमा देवी, पत्नी शंकर राय और विजय कुमार भी मारपीट में घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए गोपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुधांशु कुमार ने बताया कि सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए रेफर किया गया है।
इधर, घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से गोपालपुर थाना में अलग-अलग आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों एवं विवाद की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा रहा है।
















