


नवगछिया : भाकपा (माले) के संस्थापक महासचिव कॉमरेड चारु मजूमदार का 55वां शहादत दिवस मंगलवार को नवगछिया सहित देशभर में संकल्प दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर गंगानगर कदवा स्थित भाकपा (माले) कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं ने कॉमरेड चारु मजूमदार के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों एवं संघर्षों को याद किया।

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का सामूहिक मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही उनके सपनों के भारत के निर्माण के लिए संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
संकल्प सभा को संबोधित करते हुए भाकपा (माले) प्रखंड सचिव सह इंकलाबी नौजवान सभा के राष्ट्रीय परिषद सदस्य गौरीशंकर राय ने कॉमरेड चारु मजूमदार के जीवन संघर्ष और पार्टी की विचारधारा पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में देश कई गंभीर चुनौतियों से गुजर रहा है और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक संघर्ष को मजबूत करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि पार्टी अपने संघर्षों और जन आंदोलनों के माध्यम से लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार सक्रिय रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से साहस, धैर्य और दृढ़ता के साथ संगठन को मजबूत करने तथा जनसमस्याओं को लेकर संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।
सभा में भाकपा (माले) नेताओं ने कहा कि कॉमरेड चारु मजूमदार का जीवन संघर्ष और विचार आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके बताए रास्ते पर चलते हुए समाज में समानता और न्याय के लिए प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर भाकपा (माले) प्रखंड सचिव गौरीशंकर राय, प्रखंड कमिटी सदस्य राजेंद्र पंडित, अमीर राम, मनोरंजन शर्मा, रामदेव मंडल, रुदल मंडल, विष्णु कुमार, सुनील शर्मा, बच्ची राम, उपेंद्र राम, चंदन कुमार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
















