5
(2)

नवगछिया : प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत सोमवार को पीएचसी नवगछिया में निक्षय पोषण योजना के अंतर्गत टीबी मरीजों के बीच पोषण आहार किट का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान छह टीबी मरीजों को पोषण किट उपलब्ध कराया गया, ताकि उपचार के दौरान उन्हें आवश्यक पौष्टिक आहार मिल सके और स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो।

पीएचसी नवगछिया में आयोजित कार्यक्रम में पांच निक्षय मित्रों के सहयोग से छह मरीजों को पोषण किट प्रदान किया गया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बी. दास ने स्वयं दो टीबी मरीजों को निक्षय पोषण आहार किट उपलब्ध कराया। वहीं एएनएम चंद्रमा कुमारी, निधि प्रिया, जागृति कुमारी और सुनीता कुमारी ने एक-एक टीबी मरीज को पोषण किट देकर सहायता की।

इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बी. दास ने कहा कि टीबी मरीजों के लिए दवा के साथ-साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार भी बेहद जरूरी है। बेहतर पोषण मिलने से मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है और उपचार का प्रभाव भी बेहतर होता है। उन्होंने कहा कि निक्षय मित्रों के सहयोग से मरीजों को लगातार पोषण सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि चयनित सभी छह टीबी मरीजों को लगातार छह माह तक निक्षय पोषण आहार किट उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उपचार अवधि में उन्हें जरूरी पोषण मिलता रहे और वे जल्द स्वस्थ हो सकें।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य प्रबंधक अनुरिमा, वरीय यक्ष्मा पर्यवेक्षक मनीष माधव, बीसीएम सुमित कुमार, एएनएम सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की कि टीबी के लक्षण दिखने पर समय पर जांच कराएं और उपचार के साथ पौष्टिक आहार पर भी विशेष ध्यान दें।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: