


‘
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। शाहजंगी पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-6, मोहद्दीनपुर में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई महीनों से नल-जल योजना के तहत नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है, जिससे सैकड़ों परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए दूर-दराज के चापाकलों से पानी लाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पीएचईडी विभाग की लापरवाही और उदासीनता के कारण घर-घर पानी पहुंचाने की सरकारी योजना दम तोड़ती नजर आ रही है। लोगों का आरोप है कि पानी टंकी से नियमित रूप से सप्लाई नहीं दी जाती, जिससे पूरे इलाके में आक्रोश व्याप्त है।
शाहजंगी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मोहम्मद सिराज ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर कई बार पीएचईडी विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि विभाग की अनदेखी के कारण लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।
ग्रामीण मोहम्मद फिरोज का आरोप है कि शिकायत करने पर टंकी संचालक विवाद करने पर उतारू हो जाते हैं। वहीं मोहम्मद आतिफ ने कहा कि समय पर पानी नहीं मिलने से लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है।
महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में जलापूर्ति व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि उन्हें सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने टंकी संचालक मोहम्मद तबरेज पर नियमित जलापूर्ति नहीं करने, कुछ इलाकों में पक्षपातपूर्ण तरीके से पानी देने तथा शिकायत करने वालों से अभद्र व्यवहार और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों पर टंकी संचालक का पक्ष सामने नहीं आ सका है।
ग्रामीणों का कहना है कि हालात इतने खराब हो चुके हैं कि कई परिवार जमीन में गड्ढा खोदकर या दूर के चापाकलों से पानी लाने को मजबूर हैं। उनका कहना है कि इससे जलजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है और सरकार की ‘हर घर नल-जल’ योजना की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द नियमित जलापूर्ति बहाल नहीं की गई और समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे पीएचईडी विभाग के खिलाफ सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

















