
सहयोग स्वास्थ्य सामाजिक सेवा संस्थान की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, चिकित्सकों ने रोगियों की जांच कर वितरित की दवाएं
पूर्णिया, कार्तिक पूर्णिमा एवं श्री गुरु नानक देव जी की जयंती के अवसर पर सहयोग स्वास्थ्य सामाजिक सेवा संस्थान, आकाशवाणी रोड, पूर्णिया की ओर से संस्थान परिसर में सेवा, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही ठंड से बचाव के लिए कंबल वितरित किए गए। कार्यक्रम में संस्थान के सदस्यों, चिकित्सकों एवं स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के अध्यक्ष डॉ. अजीत प्रसाद सिंह ने गुरु नानक देव जी के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ किया। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत हुई।

इस अवसर पर डॉ. अजीत प्रसाद सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने मानवता को सेवा, परिश्रम और समानता का संदेश दिया। उनका मूल मंत्र ‘नाम जपो, किरत करो, वंड छको’ अर्थात ईश्वर का स्मरण करो, मेहनत से आजीविका कमाओ और मिल-बांटकर खाओ, मानव जीवन के लिए प्रेरणादायक है। इसी संदेश को आत्मसात करते हुए कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की सेवा के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सकों ने किया उपचार
स्वास्थ्य शिविर में संस्थान के वरिष्ठ सदस्य एवं संयोजक डॉ. के.के. चौधरी के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने रोगियों की स्वास्थ्य जांच कर निःशुल्क परामर्श एवं उपचार किया। शिविर में डॉ. संजय कुमार, डॉ. इमदाद आलम, डॉ. हरदेव शर्मा, डॉ. सतीश ठाकुर, डॉ. राजेश गोस्वामी, डॉ. रुपेश गांधी एवं डॉ. प्रीतम ने अपनी सेवाएं दीं।
शिविर में रक्तचाप, मधुमेह, बुखार, सर्दी-खांसी, आंखों से संबंधित समस्याओं सहित सामान्य स्वास्थ्य की जांच की गई। रोगियों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही चिकित्सकों ने ठंड के मौसम में होने वाली स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से बचाव और नियमित स्वास्थ्य देखभाल के प्रति लोगों को जागरूक किया।
जरूरतमंदों को बांटे गए कंबल, प्रसाद की भी व्यवस्था
बढ़ती ठंड को देखते हुए संस्थान की ओर से जरूरतमंद एवं असहाय लोगों के बीच कंबल वितरित किए गए। कंबल पाकर लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। कार्यक्रम में पहुंचे जरूरतमंद लोगों के लिए प्रसाद की भी व्यवस्था की गई थी।
कार्यक्रम के समापन पर संस्थान के अध्यक्ष डॉ. अजीत प्रसाद सिंह ने शिविर में अपनी सेवाएं देने वाले सभी चिकित्सकों, सहयोगकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।
डॉ. सिंह ने कहा कि संस्थान की ओर से भविष्य में भी जनसेवा के ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे। इनमें निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, कंबल वितरण, रक्तदान शिविर और जरूरतमंद गरीब परिवारों की सहायता जैसे कार्य शामिल रहेंगे। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों की सहायता करना ही संस्थान का प्रमुख उद्देश्य है।















